भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य मंत्रालय में प्रशासनिक फेरबदल की शुरुआत करते हुए मुख्य सचिव कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के स्टाफ में नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। यह बदलाव पूर्व मुख्य सचिव अनुराग जैन के नीति आयोग में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त होने और अशोक बर्णवाल के मुख्य सचिव का पदभार संभालने के बाद किए गए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हरिशंकर भार्गव को मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल का नया निज सचिव (Private Secretary) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के निज सचिव के रूप में कार्यरत थे।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों को मिली नई जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार, शेख हबीब को अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सचिन सिन्हा का निज सचिव बनाया गया है।
वहीं, प्रमुख सचिव राजस्व एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग डॉ. ई. रमेश कुमार के कार्यालय में संजय कुमार जोशी को निज सचिव तथा योगेश गोयल को स्टेनोटाइपिस्ट के पद पर पदस्थ किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय में भी बदलाव
मुख्यमंत्री कार्यालय में भी स्टाफ स्तर पर बदलाव किए गए हैं। सचिव डॉ. सुदाम खाड़े के स्टेनोग्राफर के रूप में सतीश कुमार शुक्ला की नियुक्ति की गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के उप सचिव सुधीर कोचर के कार्यालय में पंकज उइके को स्टेनोटाइपिस्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आगे भी हो सकते हैं और बदलाव
सूत्रों के अनुसार, फिलहाल यह सीमित स्तर का प्रशासनिक फेरबदल है। आने वाले दिनों में मुख्य सचिव कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय और मंत्रालय के अन्य विभागों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नई पदस्थापनाएं और बदलाव किए जा सकते हैं।


