भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए शीतला माता मंदिर दर्दनाक हादसे में 16 लोगों की मौत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने हादसे को प्रशासनिक विफलता का परिणाम बताते हुए मृतकों के प्रत्येक परिवार को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाने की मांग की है।
जीतू पटवारी गुरुवार को भोपाल स्थित एम्स पहुंचे और हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य तथा उपचार की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों से भी चर्चा की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा पर उठाए सवाल
पटवारी ने कहा कि ग्वालियर हादसे ने कई परिवारों को ऐसा दुख दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही दुर्घटनाएं पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पटवारी के मुताबिक, समय रहते आवश्यक सुरक्षा इंतजाम और सतर्कता बरती जाती तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
प्रदेश में हो रही घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत, बालाघाट हादसे, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों, सागर के शराब कांड और बैतूल में खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे परिवार के साथ हुई दुर्घटना का जिक्र करते हुए सरकार की संवेदनशीलता और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि हादसों से प्रभावित परिवारों को न्याय, बेहतर चिकित्सा सुविधा और पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। केवल आश्वासन देने से सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती।
घायलों के इलाज का खर्च उठाए सरकार
पटवारी ने मांग की कि ग्वालियर हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को कम से कम 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही घायलों के उपचार का पूरा खर्च सरकार वहन करे। उन्होंने कहा कि सरकार को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सड़क सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करना चाहिए।
इस दौरान कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रवक्ता अभिनव बरोलिया, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष विभा पटेल, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अभिषेक परमार और जिला संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।


