मैहर-सतना में जिला बैठकों को किया संबोधित, बोले- कांग्रेस के पास कुशासन का इतिहास, भाजपा के पास विकास का विजन
मैहर/सतना। Seva Sankalp Abhiyan : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और कार्यकर्ता जनता तथा सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। कार्यकर्ता वर्ष 2003 से पहले के बदहाल मध्यप्रदेश की स्थिति से युवाओं और जनता को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कुशासन का इतिहास है, जबकि भाजपा के पास विकास का विजन है।
खंडेलवाल ने रविवार को मैहर और सतना में जिला बैठकों को संबोधित किया और सेवा संकल्प तथा सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में उद्योगों और निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। मैहर सहित पूरे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से लोगों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें। किसी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं मिलने पर उसकी समस्या सरकार तक पहुंचाएं।
भाजपा ने विचारधारा से नहीं किया समझौता
खंडेलवाल ने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित संगठन है, जिसने कभी अपनी मूल विचारधारा से समझौता नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 समाप्त करने और तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज संगठन मजबूत हुआ है। कार्यकर्ता आगामी चुनावों में प्रत्येक बूथ पर जीत का संकल्प लेकर काम करें।
सेवा संकल्प अभियान में की सहभागिता
खंडेलवाल ने मैहर में संत रविदास आश्रम में पौधारोपण और स्वच्छता अभियान में भाग लिया। मां शारदा देवी धाम में दर्शन-पूजन के बाद बड़ा अखाड़ा पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। उन्होंने गौशाला में गौसेवा की और वृद्धाश्रम में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में सहभागिता की। इसके बाद जिला बैठक को संबोधित कर निर्माणाधीन भाजपा कार्यालय का निरीक्षण किया।
सतना में उन्होंने सेवा सेतु अभियान के तहत हितग्राहियों से संवाद किया तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पौधारोपण किया। उन्होंने पूर्व विधायक स्वर्गीय रामप्रताप सिंह और पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना भी व्यक्त की। इस दौरान मंत्री प्रतिमा बागरी, राधा सिंह, सांसद गणेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


