भोपाल। Model त्विषा शर्मा मौत मामले में न्यायिक हिरासत में बंद रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह से मध्यप्रदेश महिला आयोग की टीम ने बुधवार को भोपाल सेंट्रल जेल में मुलाकात की। आयोग जेल में महिला बंदियों की स्थिति और सुविधाओं का जायजा लेने के लिए पहुंची थी।
इस दौरान आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव ने गिरिबाला सिंह से भोजन, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। गिरिबाला सिंह ने किसी भी प्रकार की शिकायत से इनकार करते हुए कहा कि जेल की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं। जानकारी के अनुसार, जब टीम उनके पास पहुंची, तब वे लेखक देवदत्त पटनायक की किताब ‘द प्रेग्नेंट किंग’ पढ़ रही थीं। टीम को देखकर उन्होंने पुस्तक तुरंत बंद कर दी। बातचीत के दौरान उनका व्यवहार शांत और संयमित बताया गया।
निरीक्षण में महिला आयोग की टीम को ऐसा कोई संकेत नहीं मिला कि गिरिबाला सिंह को जेल में कोई विशेष सुविधा मिल रही हो। जेल प्रशासन के अनुसार, टीम ने महिला वार्ड, अस्पताल, रसोईघर, पुस्तकालय, आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर और ब्यूटी पार्लर का भी निरीक्षण किया। जेल के सांस्कृतिक कक्ष में महिला बंदियों ने भजन प्रस्तुत किए।
इस बीच, त्विषा शर्मा मामले की जांच भी तेज़ी से आगे बढ़ रही है। सीबीआई को दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल चुकी है, और एजेंसी अब मेडिकल, डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों का मिलान कर रही है। जांच का फोकस गर्भावस्था, शरीर पर मिले चोटों के निशान और फांसी से जुड़े तथ्यों पर है। मोबाइल और लैपटॉप से रिकवर किए गए चैट, कॉल रिकॉर्ड, फोटो और वीडियो का विश्लेषण भी किया जा रहा है, ताकि मामले की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।


