भोपाल। MP Naib Tehsildar Exam: मध्यप्रदेश में राजस्व विभाग के कर्मचारियों के लिए नायब तहसीलदार बनने का मौका है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) द्वारा नायब तहसीलदार सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। इसके जरिए नायब तहसीलदार के 73 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। परीक्षा में राजस्व विभाग के पात्र पटवारी, राजस्व निरीक्षक (आरआई) और लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग के कर्मचारी शामिल हो सकेंगे।
परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। आवेदन में संशोधन की सुविधा 6 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगी। परीक्षा 14 नवंबर 2026 से संभावित है। परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में आयोजित की जाएगी।
73 पदों पर होगी भर्ती
सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए नायब तहसीलदार के कुल 73 पद भरे जाएंगे। इनमें-
- लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग : 46 पद
- पटवारी-राजस्व निरीक्षक संवर्ग : 27 पद
शामिल हैं।
5 साल का अनुभव और स्नातक डिग्री अनिवार्य
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का राजस्व विभाग में लिपिक वर्गीय पद, पटवारी या राजस्व निरीक्षक के रूप में कम से कम 5 वर्ष का अनुभव होना जरूरी है। यह अनुभव स्थायी या स्थानापन्न रूप से सेवा का होना चाहिए।
इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कला, विज्ञान, वाणिज्य या कृषि विषय में स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आवेदन की अंतिम तिथि तक पूरी होना जरूरी है। इसके बाद योग्यता हासिल करने वाले कर्मचारी इस परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे।
अधिकतम आयु 55 वर्ष, तीन बार ही मिलेगा मौका
पात्र अभ्यर्थी की उम्र 1 जनवरी 2026 को 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा की इस योजना के तहत किसी भी अभ्यर्थी को अधिकतम तीन बार परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
लिपिक संवर्ग के 46 पद
लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग के लिए नायब तहसीलदार के 46 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें 32 पद सामान्य प्रशासन विभाग के आरक्षण रोस्टर के अनुसार हैं, जबकि 14 पद बैकलॉग के हैं।
32 पदों में अनारक्षित वर्ग के 9, ओबीसी के 3, अनुसूचित जाति के 5, अनुसूचित जनजाति के 6 और ईडब्ल्यूएस के 9 पद शामिल हैं। ईडब्ल्यूएस के लिए निर्धारित आरक्षण प्रावधानों के अनुसार पदों का वर्गीकरण किया गया है।
पटवारी-आरआई संवर्ग के 27 पद
पटवारी और राजस्व निरीक्षक संवर्ग से नायब तहसीलदार के 27 पद भरे जाएंगे। इनमें 12 पद सीधी भर्ती श्रेणी और 15 पद बैकलॉग के हैं।
12 पदों में अनारक्षित वर्ग के 4, ओबीसी का 1, अनुसूचित जाति के 2, अनुसूचित जनजाति के 2 और ईडब्ल्यूएस के 3 पद शामिल हैं। इस संवर्ग में भी आरक्षण नियमों के अनुसार पद निर्धारित किए गए हैं।
नायब तहसीलदार का वेतनमान 36,200 से 1,14,800 रुपए
नायब तहसीलदार पद के लिए मध्यप्रदेश वेतन पुनरीक्षण नियम, 2017 के तहत वेतन मैट्रिक्स लेवल-9 निर्धारित है। इसके अनुसार वेतनमान 36,200 से 1,14,800 रुपए रहेगा। इसके अलावा शासन के नियमानुसार महंगाई भत्ता और अन्य देय भत्ते मिलेंगे।
सामान्य वर्ग के लिए 55, एसटी के लिए 40 अंक जरूरी
परीक्षा में अभ्यर्थी को न्यूनतम 55 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 अंक निर्धारित किए गए हैं।
महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत पद और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए कुल 6 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। कर्मचारी चयन मंडल परीक्षा में प्राप्त अंकों और पात्रता के आधार पर अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार कर प्रमुख राजस्व आयुक्त को भेजेगा। इसके बाद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
विभागीय जांच या आपराधिक मामला लंबित तो नहीं मिलेगी नियुक्ति
ऐसे कर्मचारी इस परीक्षा और नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होंगे, जिनके खिलाफ विभागीय जांच लंबित है या आरोप पत्र जारी किया जा चुका है। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों के दौरान वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन में प्रतिकूल टिप्पणी दर्ज होने अथवा न्यायालय या किसी सक्षम प्राधिकारी के समक्ष आपराधिक कार्यवाही लंबित होने की स्थिति में भी नियुक्ति की पात्रता प्रभावित होगी।
नायब तहसीलदार बनने की यह विभागीय परीक्षा राजस्व विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए पदोन्नति के साथ-साथ प्रशासनिक जिम्मेदारी हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर है।


