भोपाल। Durga Visarjan 2026: राजधानी भोपाल में बुधवार को दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन और झांकियों के चल समारोह के चलते यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। सुबह 9 बजे से प्रेमपुरा घाट, कमलापति घाट, बैरागढ़ और हथाईखेड़ा डैम पर प्रतिमाओं का विसर्जन होगा, जबकि रात 8 बजे से शहर में झांकियों के चल समारोह शुरू होंगे। पुराने शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले कई रास्तों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर बुधवार सुबह 8 बजे से गुरुवार सुबह 8 बजे तक रोक लगाई गई है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।
सुबह 8 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री
दुर्गा विसर्जन और चल समारोह को देखते हुए बुधवार सुबह 8 बजे से गुरुवार सुबह 8 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ट्रक और बसों सहित भारी वाहनों को खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा चौराहा, इस्लाम नगर, चौपड़ा कला, पटेल नगर, 17 मील, रातीबड़, लालघाटी, नूरगंज तिराहा, एयरपोर्ट चौराहा, करोद, भानपुर और रत्नागिरी की ओर से शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।
शाम 5 बजे से पुराने शहर के रास्तों पर प्रतिबंध
चल समारोह के चलते शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे के बीच यातायात प्रभावित रहेगा। इस क्षेत्र में सिटी बस, मैजिक और चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। भारत टॉकीज से अल्पना तिराहा तथा नादरा बस स्टैंड से भोपाल टॉकीज की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
शाम 6 बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती और पुरानी सब्जी मंडी की ओर से घोड़ा नक्कास तथा बस स्टैंड की तरफ जाने वाले वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। प्रतिमाओं और झांकियों के नादरा बस स्टैंड से भारत टॉकीज के बीच पहुंचने पर सपना लॉज तिराहा, अल्पना तिराहा और भोपाल टॉकीज से नादरा बस स्टैंड की ओर भी यातायात रोक दिया जाएगा।
पीरगेट, रेतघाट और कमला पार्क की ओर भी रास्ते बंद
चल समारोह के मंगलवारा पहुंचने पर सेंट्रल लाइब्रेरी, छावनी रोड और बुधवारा से इतवारा की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। झांकियों के जुमेराती पहुंचने पर रॉयल टॉकीज मार्केट से पीरगेट और रानी भवानी चौक की ओर यातायात प्रतिबंधित किया जाएगा।
झांकियों के रेतघाट पहुंचने पर करबला से रेतघाट और पॉलीटेक्निक चौराहे से कमला पार्क की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। तलैया से बुधवारा की ओर भी यातायात रोका जाएगा। इस दौरान वाहन चालक रॉयल मार्केट, शाहजहानाबाद थाना, भोपाल टॉकीज, हमीदिया रोड और नादरा की ओर से उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकेंगे। चल समारोह के दौरान भदभदा से सिटी डिपो चौराहे की ओर भी यातायात बंद रहेगा।
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री अपनाएं वैकल्पिक रास्ते
भारत टॉकीज चौराहे पर यातायात बंद रहने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में वाहन चालक अशोका गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज, मैदा मिल और एमपी नगर के रास्ते आ-जा सकेंगे।
बोगदा पुल से भारत टॉकीज की ओर जाने वाले वाहन प्रभात चौराहे से होकर निकलेंगे। चल समारोह के तलैया की ओर पहुंचने पर पुलिस कंट्रोल रूम से भारत टॉकीज, तीन मोहल्ला और भोपाल टॉकीज की ओर जाने वाले वाहन जेल मुख्यालय, कोर्ट चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और प्रभात चौराहे का मार्ग अपना सकेंगे।
वहीं, अल्पना टॉकीज से नादरा बस स्टैंड जाने वाले वाहनों के लिए संगम टॉकीज तिराहा रोड और अग्रवाल धर्मशाला के समानांतर मार्ग का विकल्प रहेगा।
यात्री बसों के रूट में भी बदलाव
इंदौर और सीहोर की ओर से आने वाली यात्री बसें खजूरी और मुबारकपुर बायपास से गांधीनगर तथा लालघाटी होते हुए हलालपुर बस स्टैंड पहुंचेंगी। विसर्जन के दौरान यात्री बसों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
आईएसबीटी से चलने वाली बसें प्रभात, गोविंदपुरा तिराहा, प्रभात चौराहा और भारत टॉकीज की ओर नहीं जा सकेंगी। इन बसों को होशंगाबाद रोड और बायपास का उपयोग करना होगा। गुना और ग्वालियर की ओर से आने वाली बसों का अंतिम पड़ाव हलालपुर बस स्टैंड रहेगा।
इंदौर और देवास जाने के लिए कौन-सा रास्ता चुनें?
बैरागढ़ और खजूरी क्षेत्र का चल समारोह बीआरटीएस कॉरिडोर से आगे सीहोर रोड स्थित विसर्जन स्थल तक जाएगा। इसके चलते भोपाल से इंदौर और देवास की ओर जाने वाले वाहन लालघाटी, गांधीनगर, एयरपोर्ट तिराहा, भौरी और खजूरी सड़क बायपास का इस्तेमाल कर सकेंगे।
वहीं, शहर से इंदौर की ओर जाने वाले वाहन झागरिया, रातीबड़ और भदभदा चौराहे के रास्ते निकल सकेंगे।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे विसर्जन और चल समारोह के दौरान प्रतिबंधित मार्गों से बचें तथा यात्रा शुरू करने से पहले अपने रास्ते की योजना बना लें। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।


