मुंबई। साउथ सुपरस्टार राम चरण और बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेड्डी’ ने रिलीज से पहले ही दर्शकों का दिल जीतना शुरू कर दिया है। 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म का वर्ल्डवाइड प्रीमियर 3 जून की रात आयोजित किया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
फिल्म देखने के बाद कई दर्शकों ने ‘पेड्डी’ को जबरदस्त एंटरटेनर बताया है। एक यूजर ने इसे “डबल ब्लॉकबस्टर” करार दिया, जबकि दूसरे ने राम चरण और जाह्नवी कपूर की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री की जमकर तारीफ की। कई दर्शकों ने फिल्म के इमोशनल और एक्शन सीक्वेंस को रोंगटे खड़े कर देने वाला बताया।
निर्देशक बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण और जाह्नवी कपूर के अलावा बोमन ईरानी और दिव्येंदु शर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था, जो अब शुरुआती प्रतिक्रियाओं में साफ दिखाई दे रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘पेड्डी’ का मुकाबला भी दिलचस्प रहने वाला है। फिल्म की टक्कर बॉबी देओल की ‘बंदर’ और वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ से होगी, जो 5 जून को रिलीज होने जा रही हैं। हालांकि शुरुआती प्रतिक्रियाओं को देखते हुए ‘पेड्डी’ ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।


