भोपाल। महिला आरक्षण लागू होने की संभावनाओं को देखते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस ने चुनावी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी प्रदेशभर की 500 महिलाओं को विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनाव लड़ने के लिए प्रशिक्षित करेगी। प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत 2 दिसंबर को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से होगी।
कांग्रेस की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को केवल संगठनात्मक जिम्मेदारियों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें सीधे चुनावी मैदान में उतारने के लिए तैयार करना है। इसके तहत महिला कार्यकर्ताओं की राजनीतिक समझ, भाषण शैली, संवाद कौशल और शैक्षणिक योग्यता का आकलन किया जाएगा।
जिलों से मांगे नाम, तैयार की 500 महिलाओं की सूची
कांग्रेस ने सभी जिला प्रभारियों से चुनाव लड़ने की इच्छुक महिलाओं के नाम मांगे थे। प्रत्येक जिले से तीन नाम भेजने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कुछ जिलों ने तीन से पांच नाम तक भेजे हैं। प्राप्त नामों के आधार पर प्रदेशभर से 500 महिलाओं की सूची तैयार की गई है।
इस सूची में नए चेहरों के साथ वे महिलाएं भी शामिल हैं, जो पहले विधानसभा, लोकसभा और महापौर का चुनाव लड़ चुकी हैं। पार्टी इन महिलाओं को चुनावी रणनीति, जनसंपर्क और राजनीतिक गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देगी।
2 दिसंबर को भोपाल में पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम
प्रशिक्षण अभियान का पहला कार्यक्रम 2 दिसंबर को भोपाल में आयोजित होगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, महाराष्ट्र की वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशोमति ठाकुर और छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शामिल होंगी।
कार्यक्रम में महिलाओं को चुनाव लड़ने की बारीकियों, संगठन की कार्यप्रणाली, जनसंपर्क और मतदाताओं के बीच अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले के मुताबिक, इस दौरान महिला प्रतिभागियों का प्राथमिक परीक्षण भी किया जा सकता है।
पिछले चुनावों में महिलाओं को मिले थे सीमित टिकट
पिछले चुनावों में कांग्रेस की ओर से महिलाओं को अपेक्षाकृत कम अवसर मिले हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 30 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था, जिनमें से छह को जीत मिली थी।
वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश की 29 सीटों में से कांग्रेस ने केवल रीवा सीट पर महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारा था। वर्ष 2022 के महापौर चुनाव में पार्टी ने 15 में से आठ सीटों पर महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया था।
विधानसभा में 115 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने का अनुमान
प्रस्तावित 50 प्रतिशत सीट वृद्धि के आधार पर मध्यप्रदेश विधानसभा की सीटें 230 से बढ़कर 345 और लोकसभा की सीटें 29 से बढ़कर 44 हो सकती हैं। यदि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होता है तो मध्यप्रदेश विधानसभा में करीब 115 और लोकसभा में लगभग 15 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। हालांकि, वास्तविक संख्या परिसीमन और आरक्षण संबंधी अंतिम अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगी।
महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर 30 नवंबर को लोकसभा तथा 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक प्रस्तावित है। ऐसे में कांग्रेस की 500 महिलाओं को चुनावी प्रशिक्षण देने की पहल को प्रदेश में भविष्य की चुनावी संभावनाओं और महिला नेतृत्व तैयार करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।


