इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2027 की परीक्षा योजना और पाठ्यक्रम में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नई व्यवस्था के तहत प्रारंभिक परीक्षा में अब गलत उत्तर देने पर एक अंक काटा जाएगा, जबकि प्रत्येक सही उत्तर के लिए तीन अंक मिलेंगे। आयोग ने इसके लिए 3R-W पद्धति के तहत नेगेटिव मार्किंग लागू की है। परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्रों में 100-100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक पेपर के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा 2027 के साथ राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2027 का परीक्षा पैटर्न और सिलेबस भी जारी कर दिया है। इसके अलावा राज्य सेवा प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की विशेष परीक्षाओं की योजना भी घोषित की गई है। नई व्यवस्था में प्रारंभिक परीक्षा से लेकर मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तक चयन के नियमों में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
प्रारंभिक परीक्षा में 300-300 अंकों के होंगे दो पेपर
राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन और सामान्य अभिरुचि परीक्षण के दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों प्रश्नपत्र 300-300 अंकों के होंगे। प्रत्येक पेपर में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। हर प्रश्न के चार विकल्प होंगे, जिनमें से एक सही उत्तर चुनना होगा। प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में उपलब्ध होंगे।
हालांकि, सामान्य अभिरुचि परीक्षण के दूसरे प्रश्नपत्र में हिंदी भाषा की बोधगम्यता से संबंधित प्रश्न केवल हिंदी में ही पूछे जाएंगे। इन प्रश्नों का अंग्रेजी अनुवाद उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
मुख्य परीक्षा के लिए न्यूनतम अंक अनिवार्य
मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रारंभिक परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्रों में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करना जरूरी होगा। अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रत्येक पेपर में कम से कम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। अनारक्षित महिला अभ्यर्थियों पर भी यही नियम लागू होगा।
वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य अभिरुचि परीक्षण का दूसरा प्रश्नपत्र केवल क्वालिफाइंग होगा। इसके अंक राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे।
मुख्य परीक्षा 1500 और इंटरव्यू 185 अंकों का
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक पद्धति से आयोजित होगी। इसमें कुल छह अनिवार्य प्रश्नपत्र होंगे। सामान्य अध्ययन के चार प्रश्नपत्र 300-300 अंकों के होंगे और प्रत्येक के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
पांचवां प्रश्नपत्र सामान्य हिंदी एवं व्याकरण का 200 अंकों का होगा, जिसके लिए दो घंटे मिलेंगे। छठा प्रश्नपत्र हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन का 100 अंकों का होगा। इसे हल करने के लिए ढाई घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
इस तरह मुख्य परीक्षा कुल 1500 अंकों की होगी, जबकि साक्षात्कार 185 अंकों का होगा। अंतिम चयन प्रक्रिया कुल 1685 अंकों के आधार पर पूरी की जाएगी।
मुख्य परीक्षा में भी लागू होगा 40 और 30 प्रतिशत का नियम
मुख्य परीक्षा के प्रत्येक प्रश्नपत्र में अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य होगा। वहीं, एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर विज्ञापित पदों की संख्या के अधिकतम तीन गुना अभ्यर्थियों को श्रेणीवार साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। समान अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी पात्रता के दायरे में शामिल किया जाएगा।
वन सेवा परीक्षा में दोनों पेपर के अंक जुड़ेंगे
राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा का पाठ्यक्रम राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के समान रहेगा, लेकिन दोनों परीक्षाओं की मेरिट तैयार करने का तरीका अलग होगा। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अभिरुचि परीक्षण का दूसरा पेपर केवल क्वालिफाइंग रहेगा और उसके अंक मेरिट में नहीं जुड़ेंगे।
इसके विपरीत, राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट सूची तैयार करते समय सामान्य अध्ययन और सामान्य अभिरुचि परीक्षण, दोनों प्रश्नपत्रों के अंकों को जोड़ा जाएगा।
आंसर-की पर आपत्ति के लिए मिलेंगे पांच दिन
प्रारंभिक परीक्षा के बाद आयोग अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रोविजनल आंसर-की जारी करेगा। अभ्यर्थियों को प्रश्नों और उनके उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए पांच दिन का समय दिया जाएगा। आपत्तियां केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। इसके लिए प्रति प्रश्न निर्धारित शुल्क के साथ पोर्टल शुल्क भी जमा करना होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि हिंदी और अंग्रेजी प्रश्नपत्रों के अनुवाद में अंतर होने की स्थिति में हिंदी संस्करण मान्य होगा। यदि किसी प्रश्न के एक से अधिक विकल्प सही पाए जाते हैं तो सभी सही विकल्पों को मान्यता दी जाएगी। वहीं, किसी प्रश्न का कोई भी विकल्प सही नहीं मिलने पर उस प्रश्न को हटाकर उसके पूरे अंक सभी अभ्यर्थियों को दिए जाएंगे।


