भोपाल। बिहार और मध्य प्रदेश के बीच बिजली संसाधनों के बेहतर उपयोग और आपूर्ति प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। नई दिल्ली में आयोजित ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन के दौरान बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड और मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के बीच 300 मेगावाट की पावर बैंकिंग व्यवस्था पर करार किया गया। इस समझौते से दोनों राज्यों के बीच बिजली की उपलब्धता और जरूरत के अनुसार संसाधनों के आदान-प्रदान में सहयोग बढ़ेगा।
शनिवार को आयोजित ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन में देश के ऊर्जा क्षेत्र की मौजूदा चुनौतियों, भविष्य की जरूरतों और बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। सम्मेलन के पहले सत्र की अध्यक्षता केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने की। इसमें केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक सहित विभिन्न राज्यों के ऊर्जा मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
सम्मेलन में ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने, ट्रांसमिशन नेटवर्क मजबूत करने, बिजली वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति सुधारने और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा रिसोर्स एडिक्वेसी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, अंतरराज्यीय बिजली पारेषण व्यवस्था और राज्य के भीतर ट्रांसमिशन नेटवर्क की चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना के तहत स्मार्ट मीटरिंग, फीडर पृथक्करण और घरेलू विद्युतीकरण के मुद्दे भी उठाए गए। साथ ही परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के लिए संभावित स्थलों पर विचार किया गया।
बिहार ने बताईं ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियां
सम्मेलन में बिहार के ऊर्जा सचिव अजय यादव ने राज्य में ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी केंद्रीय ऊर्जा मंत्री को दी। उन्होंने रूफटॉप सोलर और परमाणु ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बिहार सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराया।
बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि बिजली की बढ़ती मांग और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ऊर्जा भंडारण क्षमता का विस्तार, ट्रांसमिशन नेटवर्क का सुदृढ़ीकरण और वितरण व्यवस्था में सुधार आवश्यक है। राज्य सरकार उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए नवीकरणीय ऊर्जा, स्मार्ट मीटरिंग और विद्युत अवसंरचना के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और अन्य राज्यों के सहयोग से ऊर्जा क्षेत्र को आधुनिक, मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। बिहार और मध्य प्रदेश के बीच 300 मेगावाट पावर बैंकिंग का समझौता इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


