भोपाल। Women’s Asian Champions Trophy: राजधानी भोपाल के नाथूखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चल रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में मंगलवार को मेजबान भारतीय टीम की असली परीक्षा होगी। लगातार तीन मुकाबले जीतकर शानदार लय में चल रही भारतीय टीम का सामना शाम 7 बजे चीन से होगा। विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज चीन के खिलाफ जीत दर्ज करना भारत के लिए आसान नहीं होगा।
भारत ने टूर्नामेंट में अब तक अपने तीनों मुकाबले जीतकर नौ अंक हासिल किए हैं और अंक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। भारतीय टीम ने मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड को शिकस्त देकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। तीन मैचों में भारत ने 11 गोल किए हैं, जबकि उसका डिफेंस भी अब तक प्रभावशाली रहा है।
जापान भी नौ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर
अंक तालिका में जापान भी तीनों मैच जीतकर नौ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, चीन एक जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। ऐसे में चीन के खिलाफ जीत भारतीय टीम को शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत करने का अवसर देगी।
हालांकि, चीन को कमजोर प्रतिद्वंद्वी मानना भारत के लिए भारी पड़ सकता है। विश्व रैंकिंग में चीन चौथे और भारत सातवें स्थान पर है। चीन की टीम ओलिंपिक पदक विजेता भी है। उसका अंतरराष्ट्रीय अनुभव और मजबूत खेल भारतीय टीम के सामने बड़ी चुनौती पेश कर सकता है।
दीपिका की ड्रैग फ्लिक और सलीमा की कप्तानी पर नजर
चीन के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम के लिए दीपिका की भूमिका अहम हो सकती है। समीर दाद के अनुसार पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलना महिला हॉकी में चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में दीपिका की ड्रैग फ्लिक भारत के लिए निर्णायक हथियार साबित हो सकती है।
इसके अलावा अनुभवी खिलाड़ी नवनीत कौर की खेल को समझने की क्षमता और कप्तान सलीमा टेटे का नेतृत्व भी भारतीय टीम की ताकत है। अब देखना होगा कि भारतीय खिलाड़ी अपने घरेलू मैदान पर चीन की चुनौती से पार पाकर जीत का सिलसिला बरकरार रख पाती हैं या नहीं।
समीर दाद बोले- चीन मजबूत प्रतिद्वंद्वी, भारत में उलटफेर की क्षमता
मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के कोच और पूर्व ओलिंपियन समीर दाद ने भारत-चीन मुकाबले को बेहद चुनौतीपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि विश्व रैंकिंग और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के लिहाज से चीन भारतीय टीम का मजबूत प्रतिद्वंद्वी है। हालांकि, भारतीय टीम में उसे हराने की क्षमता मौजूद है।
समीर दाद के मुताबिक भारत एशियन गेम्स में पहले भी चीन को शिकस्त दे चुका है। ऐसे में मौजूदा टूर्नामेंट में भी भारतीय खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर उलटफेर कर सकते हैं।


