भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 घंटे के भीतर 599 मकानों को जमींदोज कर दिया। करीब 50 जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से सुबह 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर 3 बजे तक पूरी कर ली गई। विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर करीब एक हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। अब मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड 5.73 एकड़ जमीन पर री-डेवलपमेंट की योजना तैयार करेगा। इसके तहत वैध आवंटियों को पुराने मकानों से 20 प्रतिशत बड़े नए घर बनाकर देने का प्रस्ताव है।
हालांकि, मकानों के टूटने के बाद सैकड़ों परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। हाउसिंग बोर्ड करीब 600 परिवारों में से केवल 110 को ही वैध आवंटी मान रहा है। इन्हें नियमानुसार किराया दिए जाने की पात्रता होगी। यह राशि 1400 से 2000 रुपए के बीच बताई जा रही है। दूसरी ओर, शेष 490 परिवारों को फिलहाल इस व्यवस्था का लाभ नहीं मिलेगा। इनमें वे लोग शामिल हैं, जो पुराने आवंटियों से आपसी समझौते के आधार पर मकानों में रह रहे थे या जिनका आवंटन वैध नहीं माना गया है।
आशियाना टूटने पर छलके आंसू, रात फुटपाथ पर गुजारने की नौबत
कार्रवाई के दौरान कई परिवार बेबस होकर अपने घरों को टूटते देखते रहे। रहवासी रुख्सार ने बताया कि वे वर्षों से यहां रह रहे थे। मकान तोड़ने से पहले घर देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब समझ नहीं आ रहा कि परिवार को लेकर कहां जाएं। सामान गाड़ी में रखा है और किराए का कमरा भी नहीं मिल रहा।
बुजुर्ग छोटे अरमान ने बताया कि परिवार बेघर हो गया है। रात फुटपाथ पर गुजारनी पड़ी। उनका कहना था कि विस्थापन की व्यवस्था पहले होनी चाहिए थी। बुजुर्ग महिला बानो बी ने भावुक होकर कहा कि उन्हें सरकार से कुछ नहीं चाहिए, केवल रहने के लिए एक घर मिल जाए। रहवासी सैयद तौसिफ हुसैन ने कहा कि उनके पास मकान से जुड़े दस्तावेज हैं, इसके बावजूद उन्हें कोई राहत नहीं मिली। वहीं, ऑटो चलाकर परिवार पालने वाले आशिक मियां ने बताया कि परिचित के यहां सामान रखा है और किराए के मकान के लिए चार से पांच हजार रुपए मांगे जा रहे हैं।
1986-87 में बने थे जनता क्वार्टर
जनता क्वार्टर में करीब 600 ईडब्ल्यूएस मकान हाउसिंग बोर्ड ने वर्ष 1986-87 में बनवाए थे। 23 अक्टूबर 1992 को इन्हें भोपाल नगर निगम को हस्तांतरित कर दिया गया था। लंबे समय बाद 16 अगस्त 2016 को निगम ने इन भवनों को जर्जर घोषित किया। इसके बाद हाउसिंग बोर्ड ने 2 मार्च 2018 को मकान खाली करने के नोटिस जारी किए। 14 जून 2021 को भी रहवासियों को नोटिस दिया गया। 13 नवंबर 2026 को अंतिम चेतावनी जारी करने के बाद 23 नवंबर को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती, एक मकान को मिली राहत
कार्रवाई के लिए प्रशासन ने पहले से व्यापक तैयारी की थी। मौके पर चार एसडीएम, 10 तहसीलदार और 15 से अधिक नायब तहसीलदार तैनात रहे। करीब एक हजार पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। बाहरी लोगों को 500 मीटर पहले ही रोक दिया गया था। रहवासियों से घरों के भीतर रहने और दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए थे।
जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश पर क्वार्टर नंबर 465 के आवंटी मोहम्मद हफीज खान को दो दिन की राहत मिली है। सोमवार को उनका मकान नहीं तोड़ा गया। अब इसे बुधवार को ध्वस्त किया जाएगा। हालांकि, परिवार पहले ही सामान निकाल चुका है।
5.73 एकड़ जमीन पर हाउसिंग बोर्ड तैयार करेगा नई योजना
ध्वस्तीकरण के बाद अब हाउसिंग बोर्ड पुनर्विकास की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके लिए पहले प्री-डिटेल रिपोर्ट तैयार कर बोर्ड की बैठक में रखी जाएगी। इस पर निर्णय होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जाएगी।
डीपीआर में प्रस्तावित इमारतों की मंजिलों, फ्लैटों की संख्या, सड़कों की चौड़ाई, पार्क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का खाका तैयार होगा। री-डेवलपमेंट पॉलिसी के तहत 5.73 एकड़ जमीन का विकास किया जाएगा। वैध आवंटियों को पुराने मकानों से 20 प्रतिशत बड़े घर देने की योजना है। हालांकि, शेष परिवारों के पुनर्वास और उनके रहने की व्यवस्था को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।


