More
    Homeविदेशन्यूरालिंक को टक्कर देने की तैयारी में चीन: ब्रेन-कंप्यूटर तकनीक की दौड़...

    न्यूरालिंक को टक्कर देने की तैयारी में चीन: ब्रेन-कंप्यूटर तकनीक की दौड़ में 250 कंपनियां सक्रिय, 2030 तक वैश्विक दबदबे का लक्ष्य

    Published on

    spot_img

    बीजिंग। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बाद अब दुनिया की बड़ी टेक्नोलॉजी शक्तियों के बीच इंसानी दिमाग को कंप्यूटर से जोड़ने वाली तकनीक यानी ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस (BCI) को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। इस क्षेत्र में एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक पहले से प्रयोग कर रही है, लेकिन अब चीन भी उसे चुनौती देने की तैयारी में जुट गया है। चीन की रणनीति केवल इस तकनीक को विकसित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह इसके अंतरराष्ट्रीय मानक तय करने में भी अपनी मजबूत भूमिका बनाना चाहता है।

    इसी उद्देश्य से चीन के उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक के मानकीकरण के लिए नई कार्य समिति गठित करने की पहल की है। इसके तहत एक कार्य समूह बनाया जाएगा, जो इस तकनीक से जुड़े मानक तैयार करने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने पर काम करेगा।

    भविष्य के छह प्रमुख उद्योगों में शामिल

    चीन ने अपनी 15वीं पंचवर्षीय योजना में ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस को भविष्य के छह प्रमुख उद्योगों में जगह दी है। इसके अलावा उसने इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर स्टैंडर्डाइजेशन (ISO) और इंटरनेशनल इलेक्ट्रोटेक्निकल कमीशन (IEC) की संयुक्त बीसीआई उपसमिति की अध्यक्षता भी हासिल की है। ये संस्थाएं वैश्विक स्तर पर तकनीकी मानक निर्धारित करती हैं। इससे स्पष्ट है कि चीन इस तकनीक के विकास के साथ इसके अंतरराष्ट्रीय नियमों और मानकों पर भी प्रभाव स्थापित करना चाहता है।

    क्या है ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक?

    ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस ऐसी तकनीक है, जो इंसानी मस्तिष्क से निकलने वाले न्यूरल सिग्नल को पहचानकर कंप्यूटर या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्देशों में बदल देती है। इसके जरिए व्यक्ति बिना हाथ-पैर हिलाए और बोले केवल दिमाग के संकेतों से किसी डिवाइस को नियंत्रित कर सकता है।

    यह तकनीक उन मरीजों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकती है, जो बीमारी, लकवे या गंभीर चोट के कारण बोलने और चलने-फिरने की क्षमता खो चुके हैं। इसकी मदद से ऐसे लोगों को संवाद करने और बाहरी उपकरणों को नियंत्रित करने में सहायता मिल सकती है।

    चीन में 250 से ज्यादा कंपनियां सक्रिय

    ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस के क्षेत्र में चीन तेजी से निवेश और शोध बढ़ा रहा है। सरकारी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में इस तकनीक पर 250 से अधिक कंपनियां काम कर रही हैं। चाइना एकेडमी ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशंस टेक्नोलॉजी के शोध के अनुसार, दुनियाभर में बीसीआई कंपनियों की संख्या इस साल बढ़कर 1,175 हो गई है, जबकि पिछले साल यह 800 से अधिक थी।

    बिना बड़ी सर्जरी के दिमाग तक पहुंचेगी चिप

    इस तकनीक में सबसे बड़ी चुनौती दिमाग में डिवाइस प्रत्यारोपित करने की प्रक्रिया है। आमतौर पर इसके लिए खोपड़ी खोलकर सर्जरी करनी पड़ती है। अब चीन के वैज्ञानिक ऐसे तरीके विकसित कर रहे हैं, जिनमें गर्दन की रक्त वाहिकाओं के रास्ते डिवाइस को दिमाग तक पहुंचाया जा सके।

    शंघाई की स्टार्टअप कंपनी स्टेरमेड टेक्नोलॉजी इस दिशा में चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के शोधकर्ताओं के साथ काम कर रही है। इसमें स्टेंट जैसी तकनीक से डिवाइस को रक्त वाहिका के जरिए दिमाग के निर्धारित हिस्से तक पहुंचाने की योजना है। फिलहाल इसका परीक्षण भेड़ों पर किया गया है। इंसानों पर परीक्षण शुरू नहीं हुआ है।

    2030 तक वैश्विक कंपनियां खड़ी करने का लक्ष्य

    चीन इस क्षेत्र में बड़े निवेश को प्रोत्साहित कर रहा है। स्टेरमेड टेक्नोलॉजी ने पिछले एक साल में 1.1 अरब युआन से अधिक की फंडिंग जुटाई है। इसमें टेनसेंट और अलीबाबा जैसी बड़ी कंपनियां भी निवेशक हैं। चीन का लक्ष्य 2030 तक ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस के क्षेत्र में दो से तीन ऐसी कंपनियां तैयार करना है, जो वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सकें। इसके लिए शोध, निवेश, घरेलू स्टार्टअप और अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मानकों पर एक साथ काम किया जा रहा है।

     

     

    Latest articles

    भोपाल में बुलडोजर की बड़ी कार्रवाई: 9 घंटे में 599 मकान जमींदोज, अब हाउसिंग बोर्ड करेगा री-डेवलपमेंट

    भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार को प्रशासन ने बड़ी...

    जेन्सन हुआंग की एनवीडिया में वापसी: 11 दिन बाद फिर संभाली CEO की कुर्सी, शेयरों में 31% की उछाल

    कैलिफोर्निया। अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया के प्रमुख जेन्सन हुआंग एक बार फिर कंपनी के...

    महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: आज चीन से भिड़ेगा भारत, जीत की हैट्रिक के बाद शीर्ष स्थान मजबूत करने का मौका

    भोपाल। Women's Asian Champions Trophy: राजधानी भोपाल के नाथूखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चल रही...

    एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा अब 9 दिसंबर से, जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड

    भोपाल। MP Police Constable Recruitment 2026; मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी...

    More like this

    भोपाल में बुलडोजर की बड़ी कार्रवाई: 9 घंटे में 599 मकान जमींदोज, अब हाउसिंग बोर्ड करेगा री-डेवलपमेंट

    भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार को प्रशासन ने बड़ी...

    जेन्सन हुआंग की एनवीडिया में वापसी: 11 दिन बाद फिर संभाली CEO की कुर्सी, शेयरों में 31% की उछाल

    कैलिफोर्निया। अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया के प्रमुख जेन्सन हुआंग एक बार फिर कंपनी के...

    महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: आज चीन से भिड़ेगा भारत, जीत की हैट्रिक के बाद शीर्ष स्थान मजबूत करने का मौका

    भोपाल। Women's Asian Champions Trophy: राजधानी भोपाल के नाथूखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चल रही...