लखनऊ। पटना में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण पुणे से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट को सोमवार तड़के लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई। विमान में 198 लोग सवार थे। सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 653 सोमवार सुबह पुणे से पटना जा रही थी। इस दौरान पटना एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने और दृश्यता कम होने के कारण विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद पायलट इन कमांड अमित शर्मा ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को लखनऊ की ओर मोड़ने का फैसला किया।
सोमवार तड़के करीब 2:45 बजे विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में कुल 198 लोग सवार थे, जिनमें 187 वयस्क यात्री, पांच शिशु और छह क्रू मेंबर शामिल थे।
लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही विमान की तकनीकी जांच भी की गई। एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, पटना में मौसम अनुकूल होने के बाद फ्लाइट को सोमवार सुबह करीब आठ बजे लखनऊ से पटना के लिए रवाना कर दिया गया।


