More
    Homeदेशग्रामीण भारत में 83% घरों तक इंटरनेट, फिर भी 40% युवा ई-मेल...

    ग्रामीण भारत में 83% घरों तक इंटरनेट, फिर भी 40% युवा ई-मेल से अनजान

    Published on

    spot_img

    नई दिल्ली। भारत में डिजिटल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की उपलब्धता और उसके प्रभावी इस्तेमाल के बीच अब भी बड़ा अंतर बना हुआ है। देश के 83 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों के घरों में इंटरनेट की सुविधा है, इसके बावजूद 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के करीब 40 प्रतिशत ग्रामीण युवा ई-मेल का इस्तेमाल नहीं कर पाते। इससे स्पष्ट है कि इंटरनेट तक पहुंच बढ़ने के बावजूद बुनियादी डिजिटल कौशल के मामले में ग्रामीण युवा अभी पीछे हैं।

    भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की पंचायती राज संस्थाओं की वित्तीय स्थिति पर जारी रिपोर्ट में ग्रामीण भारत की डिजिटल स्थिति से जुड़े ये महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 93 प्रतिशत ग्रामीण युवाओं ने इंटरनेट तक पहुंच होने की जानकारी दी है। वहीं, 83 प्रतिशत युवा डिजिटल दस्तावेजों को संपादित करने में सक्षम हैं, लेकिन ई-मेल इस्तेमाल करने की क्षमता रखने वाले युवाओं का आंकड़ा केवल 60 प्रतिशत है।

    रिपोर्ट के अनुसार, देश के करीब 94 प्रतिशत गांवों में मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इसके अलावा 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लगभग 76 प्रतिशत वयस्कों के पास स्मार्टफोन है। हालांकि, स्मार्टफोन और इंटरनेट की उपलब्धता के बावजूद बड़ी आबादी इन सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं उठा पा रही है।

    ऑनलाइन खरीदारी में गैर-खाद्य वस्तुओं की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत से अधिक

    ग्रामीण क्षेत्रों में ऑनलाइन खरीदारी का चलन भी बढ़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑनलाइन खरीदारी करने वाले लोगों में 75 प्रतिशत से अधिक ने गैर-खाद्य वस्तुओं की खरीदारी की जानकारी दी। इससे पता चलता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बाजार का विस्तार हो रहा है, लेकिन ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल अभी सीमित जरूरतों तक ही केंद्रित है।

    डिजिटल वित्तीय सेवाओं के मामले में यूपीआई की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। ऑनलाइन बैंकिंग लेनदेन करने में सक्षम लोगों में करीब 87 प्रतिशत यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल करते हैं। गोवा, सिक्किम, मिजोरम, आंध्र प्रदेश, केरल और महाराष्ट्र में यूपीआई तथा नेट बैंकिंग सेवाओं के इस्तेमाल की क्षमता अपेक्षाकृत अधिक दर्ज की गई है।

    रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि जिन राज्यों में डिजिटल और वित्तीय सुविधाओं की उपलब्धता बेहतर है, वहां असंगठित ग्रामीण उद्यमों का प्रति उद्यम मूल्य संवर्धन भी अधिक पाया गया है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में डिजिटल सुविधाओं की भूमिका रेखांकित होती है।

    99.7 प्रतिशत ग्राम पंचायत विकास योजनाएं ऑनलाइन अपलोड

    ग्राम पंचायतों के कामकाज में भी डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। ग्राम पंचायत विकास योजनाओं को ऑनलाइन अपलोड करने की दर 99.7 प्रतिशत तक पहुंच गई है। वहीं, ऑनलाइन व्यय भुगतान की हिस्सेदारी 98.4 प्रतिशत दर्ज की गई है।

    हालांकि, डिजिटल रूप से अपेक्षाकृत विकसित राज्यों में भी केवल करीब 13 प्रतिशत गांवों में संपत्ति कर और उपयोगकर्ता शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करने की सुविधा उपलब्ध है। इससे पता चलता है कि सरकारी योजनाओं और वित्तीय प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण के बावजूद नागरिक सेवाओं के स्तर पर अभी काफी काम बाकी है।

    95 प्रतिशत गांवों में भूमि रिकॉर्ड का कंप्यूटरीकरण

    ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि संबंधी रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने की दिशा में भी प्रगति हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 95 प्रतिशत गांवों में भूमि रिकॉर्ड का कंप्यूटरीकरण किया जा चुका है, जबकि लगभग 75 प्रतिशत गांवों में डिजिटल नक्शे उपलब्ध हैं। इसके अलावा 95 प्रतिशत गांवों में ड्रोन सर्वेक्षण किया गया है।

    हालांकि, डिजिटल संपत्ति कार्ड तैयार करने का औसत अभी करीब 50 प्रतिशत ही है। यह आंकड़ा बताता है कि भूमि रिकॉर्ड और सर्वेक्षण के डिजिटलीकरण के बावजूद संपत्ति संबंधी डिजिटल दस्तावेजों का काम अभी पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है।

    कुल मिलाकर, ग्रामीण भारत में डिजिटल बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है, लेकिन इंटरनेट कनेक्टिविटी को वास्तविक डिजिटल सशक्तीकरण में बदलना अभी बड़ी चुनौती है। इसके लिए ग्रामीण युवाओं को ई-मेल, ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल दस्तावेजों और अन्य इंटरनेट आधारित सेवाओं के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना जरूरी है। डिजिटल साक्षरता बढ़ने से न केवल सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी, बल्कि ग्रामीण कारोबार, रोजगार, वित्तीय समावेशन और आजीविका के नए अवसर भी पैदा हो सकेंगे।

     

     

    Latest articles

    भोपाल में 1000 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का लोकार्पण, सीएम मोहन यादव ने किया उद्घाटन

    भोपाल। मध्यप्रदेश की खेल अधोसंरचना को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव...

    भोपाल के ऐशबाग जनता क्वार्टर में बुलडोजर एक्शन शुरू, 599 मकान होंगे जमींदोज

    भोपाल। भारी विरोध और कानूनी अड़चनों के बीच राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता...

    एमपी पुलिस भर्ती परीक्षा स्थगित, 9.76 लाख अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार

    भोपाल। MP Police Recruitment 2026; मध्य प्रदेश में 7,500 पुलिस आरक्षकों की भर्ती के...

    एमपी में मौसम के दो रंग: दिन में बढ़ी ठिठुरन, 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

    भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं बादलों और...

    More like this

    भोपाल में 1000 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का लोकार्पण, सीएम मोहन यादव ने किया उद्घाटन

    भोपाल। मध्यप्रदेश की खेल अधोसंरचना को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव...

    भोपाल के ऐशबाग जनता क्वार्टर में बुलडोजर एक्शन शुरू, 599 मकान होंगे जमींदोज

    भोपाल। भारी विरोध और कानूनी अड़चनों के बीच राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता...

    एमपी पुलिस भर्ती परीक्षा स्थगित, 9.76 लाख अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार

    भोपाल। MP Police Recruitment 2026; मध्य प्रदेश में 7,500 पुलिस आरक्षकों की भर्ती के...