भोपाल। मध्यप्रदेश में नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की एम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक का कार्यवृत्त गृह विभाग से मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के पास पहुंच गया है। मुख्य सचिव अब यह फाइल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भेजेंगे। मुख्यमंत्री तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के पैनल में से किसी एक के नाम पर अंतिम मुहर लगाएंगे।
यूपीएससी की एम्पैनलमेंट कमेटी ने प्रदेश के नए डीजीपी के चयन के लिए 1991 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों का पैनल तैयार किया है। इसमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद चयनित अधिकारी के नाम से संबंधित प्रस्ताव दोबारा मुख्य सचिव के पास भेजा जाएगा। इसके बाद गृह विभाग नए डीजीपी की नियुक्ति का आदेश जारी करेगा।
30 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे कैलाश मकवाना
वर्तमान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट से पहले राज्य सरकार को नए डीजीपी की नियुक्ति करनी है। यूपीएससी से तीन नामों का पैनल तैयार होने और फाइल मुख्य सचिव तक पहुंचने के बाद चयन की प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच गई है।
अब सभी की नजरें मुख्यमंत्री के फैसले पर टिकी हैं। तीनों वरिष्ठ अधिकारियों में से किसे मध्यप्रदेश पुलिस की कमान सौंपी जाएगी, इसका फैसला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। सरकार को 30 नवंबर से पहले नए डीजीपी के नाम की घोषणा करनी है।


