नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि यदि मंत्री आज शाम 5 बजे तक इस्तीफा नहीं देते, तो 13 जून को फिर से देशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा।
अभिजीत दीपके सुबह अमेरिका से लौटकर सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। उनके साथ सोनम वांगचुक, CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका, CPI(ML) लिबरेशन महासचिव दिपांकर भट्टाचार्य, CPI नेता एनी राजा और वामपंथी छात्र-युवा संगठनों के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। अभिजीत ने अंबेडकर की ऑटो बायोग्राफी और संविधान की प्रति लेकर प्रदर्शन में भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान अभिजीत ने समर्थकों के बीच पांच बार छोटी-छोटी स्पीच दी और धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के नारे लगाए। दोपहर 3:30 बजे उनकी तबीयत खराब होने के कारण प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जंतर-मंतर, दिल्ली एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और बॉर्डर पॉइंट्स पर 1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। अभिजीत ने शिक्षा मंत्री को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो 13 जून को दोबारा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन होगा।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
शिवसेना के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि युवाओं को कॉकरोच कहकर अपमानित करना गलत था और अब वे अपनी मांगों के लिए आवाज उठा रहे हैं। वहीं, SP-NCP महासचिव रोहित पवार ने कहा कि CJP को मिल रहा समर्थन देश के युवाओं के गुस्से को दिखाता है।


