More
    Homeविदेशबांग्लादेश में अवामी लीग के बंद से भड़की हिंसा, 28 जिलों में...

    बांग्लादेश में अवामी लीग के बंद से भड़की हिंसा, 28 जिलों में बम धमाके; यूनुस के पुश्तैनी घर में आगजनी

    Published on

    spot_img

    ढाका में 565 गिरफ्तार, कई जिलों में बीजीबी तैनात

    ढाका। बांग्लादेश एक बार फिर राजनीतिक हिंसा और अराजकता की चपेट में है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी बंद के आह्वान के बाद राजधानी ढाका समेत 28 जिलों में बम धमाकों, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिंसा की सबसे बड़ी घटनाओं में चटगांव स्थित पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को आग के हवाले कर दिया गया। उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी आगजनी की गई है। हालात बिगड़ने के बाद सरकार ने कई जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) को तैनात किया है। वहीं, ढाका पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 565 लोगों को गिरफ्तार किया है।

    अवामी लीग के बंद के दौरान हिंसा का दायरा लगातार बढ़ता नजर आया। ढाका में पार्टी के दो नेताओं के घरों पर हमले किए गए। इसके अलावा बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कम से कम दो कार्यालयों और एक नेता के घर में भी आग लगाए जाने की खबर है। दूसरी ओर अवामी लीग के दो कार्यालयों और पार्टी नेताओं की पांच संपत्तियों को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रमुख फ्लाईओवर, शहर के प्रवेश मार्गों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों की तलाशी के साथ वाहनों की भी जांच की जा रही है।

    हसीना की सजा के फैसले की बरसी पर बंद

    अवामी लीग ने शेख हसीना को मौत की सजा सुनाए जाने के फैसले की बरसी पर देशव्यापी बंद का आह्वान किया था। पिछले वर्ष विशेष ट्रिब्यूनल ने जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। इसी फैसले की बरसी को लेकर पार्टी ने विरोध प्रदर्शन और बंद का कार्यक्रम घोषित किया। पुलिस ने हिंसा की आशंका के मद्देनजर पहले से सुरक्षा इंतजाम किए थे, लेकिन इसके बावजूद कई जिलों में विस्फोट और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

    गिरफ्तार किए गए 565 लोगों में हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात के बाद उनके आवास से हिरासत में लिया गया। सरकार ने हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर हालात नियंत्रित करने की कोशिश तेज कर दी है।

    यूनुस और अवामी लीग के बीच पुराना राजनीतिक टकराव

    मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगाने के पीछे किन लोगों का हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, इस घटना को अवामी लीग और यूनुस के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक टकराव के संदर्भ में देखा जा रहा है।

    अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उनके कार्यकाल में अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाया गया और पार्टी के हजारों नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान हसीना के पिता और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के ढाका स्थित आवास पर भी प्रदर्शनकारियों ने हमला कर आगजनी और तोड़फोड़ की थी। बाद में इस इमारत को ध्वस्त कर दिया गया। 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े कई स्मारकों को भी नुकसान पहुंचाया गया था।

    तारिक रहमान ने अवामी लीग के खिलाफ लामबंदी की अपील की

    हिंसा के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक ताकतों से अवामी लीग की दोबारा सक्रियता रोकने के लिए एकजुट होने की अपील की है। बुधवार रात संसद में संबोधन के दौरान उन्होंने अवामी लीग को आतंकी संगठन और सत्ता से हटाई गई फासीवादी ताकत करार दिया।

    तारिक रहमान ने कहा कि वर्ष 2024 की तरह एक बार फिर सभी लोकतांत्रिक ताकतों को एकजुट होकर ऐसी राजनीतिक शक्तियों को निर्णायक रूप से पराजित करना होगा। उन्होंने बीएनपी सांसदों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय रहने को भी कहा।

    बांग्लादेश में ताजा हिंसा ने एक बार फिर देश की राजनीतिक स्थिरता, कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। अवामी लीग के बंद से शुरू हुआ घटनाक्रम अब राजनीतिक दलों के कार्यालयों, नेताओं के घरों और सार्वजनिक संपत्तियों पर हमलों तक पहुंच गया है। ऐसे में सरकार के सामने हिंसा पर नियंत्रण के साथ राजनीतिक तनाव कम करने की भी बड़ी चुनौती है।

     

    Latest articles

    मध्यप्रदेश में बच्चों की सुरक्षा के लिए बनेगी साझा रणनीति, जिलों में मजबूत होगा निगरानी तंत्र

    10 जिलों के अधिकारियों ने लिया बाल विवाह मुक्त मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प भोपाल। Child...

    महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भारत की विजयी शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से रौंदा

    डेब्यू मैच में पूजा साहू ने दागा शानदार गोल, प्लेयर ऑफ द मैच बनीं भोपाल।...

    ग्वालियर में 3600 करोड़ का निवेश, 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर

    टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के दूसरे चरण का शुभारंभ, 450.45 एकड़ में होगा विस्तार भोपाल। Gwalior...

    सैफ अली खान को मिली धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने

    मुंबई। बॉलीवुड सितारों को धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा...

    More like this

    मध्यप्रदेश में बच्चों की सुरक्षा के लिए बनेगी साझा रणनीति, जिलों में मजबूत होगा निगरानी तंत्र

    10 जिलों के अधिकारियों ने लिया बाल विवाह मुक्त मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प भोपाल। Child...

    महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भारत की विजयी शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से रौंदा

    डेब्यू मैच में पूजा साहू ने दागा शानदार गोल, प्लेयर ऑफ द मैच बनीं भोपाल।...

    ग्वालियर में 3600 करोड़ का निवेश, 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर

    टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के दूसरे चरण का शुभारंभ, 450.45 एकड़ में होगा विस्तार भोपाल। Gwalior...