डेब्यू मैच में पूजा साहू ने दागा शानदार गोल, प्लेयर ऑफ द मैच बनीं
भोपाल। Women’s Asian Champions Trophy 2026: महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में मेजबान भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी। भारतीय टीम की जीत में खान मुमताज, कप्तान सलीमा टेटे, पदार्पण कर रहीं पूजा साहू और लालरेमसियामी ने अहम भूमिका निभाई। अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में गोल दागने वाली पूजा साहू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मलेशिया ने पहले बनाई बढ़त, भारत ने की जोरदार वापसी
मुकाबले का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर में मलेशिया ने 19वें मिनट में नुरामीराह जुल्किफ्ली के गोल की मदद से 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव में आने के बजाय तत्काल जवाबी हमला किया। 19 मिनट 40 सेकंड पर खान मुमताज ने गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मैच पर अपनी पकड़ मजबूत की। कप्तान सलीमा टेटे ने 34 मिनट 32 सेकंड पर गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 38 मिनट 50 सेकंड पर पूजा साहू ने अपने पदार्पण मैच को यादगार बनाते हुए शानदार गोल किया। इससे भारत की बढ़त 3-1 हो गई।
चौथे क्वार्टर में लालरेमसियामी ने 48 मिनट 25 सेकंड पर चौथा गोल दागकर मलेशिया की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस तरह भारत ने 4-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच में भारतीय टीम का दबदबा इस बात से भी जाहिर हुआ कि उसे कुल 13 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि मलेशिया की टीम एक भी पेनल्टी कॉर्नर हासिल नहीं कर सकी।
कोच मारिन ने जीत के बावजूद प्रदर्शन पर जताई चिंता
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने जीत पर संतोष जताया, लेकिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि पहले हाफ में टीम ने कई अच्छे मौके गंवाए। खिलाड़ियों में एकाग्रता और ऊर्जा का स्तर अपेक्षा के अनुरूप नहीं था।
मारिन के मुताबिक, तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने बेहतर नियंत्रण और तालमेल के साथ खेल दिखाया। उन्होंने कहा कि टीम को अपनी वास्तविक क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन करना होगा, न कि विरोधी टीम के खेल के स्तर के हिसाब से अपनी रणनीति तय करनी चाहिए।
चीन को संभावित सबसे बड़ी चुनौती मानने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने चीनी टीम का खेल नहीं देखा है, इसलिए उसके बारे में कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
वहीं, पूर्व ओलंपियन समीर दाद ने भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर के मौकों को गोल में बदलने की क्षमता सुधारने की सलाह दी। उनका मानना है कि चीन और जापान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ गोल के अवसर गंवाना भारी पड़ सकता है।
चीन ने थाईलैंड को 7-0 से हराया, जापान की भी जीत
टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए अन्य मुकाबलों में चीन और जापान ने भी जीत के साथ शुरुआत की। चीन ने थाईलैंड को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से पराजित किया। चीन की ओर से फेंग किंगमियाओ और डेंग क्यूचान ने दो-दो गोल किए, जबकि वेई किक्सियाओ, चेन युजुन और झांग हेयांग ने एक-एक गोल दागा।
दूसरे मुकाबले में जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया। मैच के शुरुआती तीन क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। मुकाबले के 58 मिनट 59 सेकंड पर सैतो हानामी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर जापान को जीत दिलाई।
28 नवंबर तक भोपाल में होगा हॉकी का रोमांच
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। राउंड रॉबिन प्रारूप में सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम घरेलू मैदान पर एक बार फिर खिताब जीतने के इरादे से उतरी है। मलेशिया के खिलाफ पहली जीत ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है, लेकिन चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन में और निरंतरता लानी होगी।


