मुंबई। बॉलीवुड सितारों को धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमिताभ बच्चन और सलमान खान के बाद अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़े वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि धमकी उसी ने दी है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है। मुंबई पुलिस मामले की जांच में जुटी है और धमकी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।
समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, पुलिस सूत्रों ने सैफ अली खान को मिली धमकी के मामले में जीशान अख्तर का नाम सामने आने की जानकारी दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में कौन है और जीशान अख्तर की इसमें कोई भूमिका है या नहीं। फिलहाल सैफ अली खान की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को भी मिली थी जान से मारने की धमकी
सैफ अली खान को धमकी मिलने से पहले बीते सोमवार को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी थी। पोस्ट में उसने दावा किया था कि दिल्ली पुलिस ने उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन इससे मुंबई में अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित योजना पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
यह धमकी ऐसे समय आई थी, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित तौर पर जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों को संदेह था कि ये लोग मुंबई में अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ के बाहर गोलीबारी की साजिश में शामिल हो सकते थे।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर रहे हैं सलमान खान
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को भी लंबे समय से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की ओर से धमकियां मिलने की खबरें सामने आती रही हैं। सलमान खान के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोलीबारी की घटना भी हो चुकी है। इसके बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों ने फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी मिले थे धमकी भरे संदेश
इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरे संदेश और ऑडियो क्लिप भेजे गए थे। इन मामलों की जांच करते हुए मुंबई पुलिस ने बंगलूरू से 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध होने का दावा करते हुए कलाकारों को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की थी। हालांकि, शुरुआती जांच में उसके किसी संगठित गैंग से जुड़े होने के ठोस सबूत नहीं मिले थे।
एआई से तैयार की गई थी धमकी देने वाली आवाज!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेशे से आईटी इंजीनियर वैभव मिश्रा पर संदेह था कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से आवाज तैयार कर धमकी भरे संदेश भेजे थे। उसने कथित तौर पर ऑनलाइन माध्यमों से कलाकारों के मोबाइल नंबर जुटाए और फिर उन्हें धमकियां दीं।
तुषार कपूर को भेजे गए एक ऑडियो संदेश में कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की गई थी। संदेश भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया था। हालांकि, पुलिस की ओर से कराए गए वॉयस सैंपल परीक्षण में ऑडियो की आवाज हैरी बॉक्सर की आवाज से मेल नहीं खाई थी।
फिलहाल सैफ अली खान को मिली धमकी के मामले में मुंबई पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि जीशान अख्तर की इस मामले में कोई भूमिका है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल कर अभिनेता को धमकाया है।


