उमर ने तस्वीर साझा कर लिखा- ‘कल एक नई शुरुआत हुई’
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पूर्व टीवी पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें साझा करते हुए इस नए रिश्ते की जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘कल एक नई शुरुआत हुई, निधि।’ इसके साथ उन्होंने अंगूठी का इमोजी भी लगाया।
निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया पर अंगूठी के इमोजी के साथ ‘इट्स डन ब्रो’ लिखकर प्रतिक्रिया दी। दोनों की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी शादी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, साझा की गई तस्वीरों और संदेशों में दोनों ने अपने रिश्ते की नई शुरुआत का संकेत दिया है।
इसी साल पायल से हुआ था तलाक
उमर अब्दुल्ला की पहली पत्नी पायल से इसी साल 31 जुलाई को तलाक हुआ था। दोनों की शादी करीब 32 साल पहले हुई थी और वर्ष 2011 से अलग रह रहे थे। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की शादी खत्म करने की याचिका स्वीकार करते हुए तलाक को मंजूरी दी थी।
उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें उनकी शादी खत्म करने की मांग खारिज कर दी गई थी। शीर्ष अदालत में दोनों ने आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध समाप्त करने और सभी विवादों को सुलझाने की बात कही थी।
दिग्विजय सिंह ने भी पत्रकार से की थी शादी
पत्रकार से शादी करने वाले नेताओं में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का नाम भी शामिल है। उन्होंने वर्ष 2015 में टीवी पत्रकार अमृता राय से विवाह किया था। दोनों ने चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की थी। अमृता राय ने सितंबर 2015 में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विवाह की जानकारी सार्वजनिक की थी।
दिग्विजय सिंह की पहली पत्नी आशा सिंह का वर्ष 2013 में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। अमृता राय का भी यह दूसरा विवाह था।


