भोपाल। चक्रवाती तूफान अर्नब की ताकत भले ही कम हो गई हो, लेकिन मध्य प्रदेश में उसका असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। तूफान के कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने के बाद भी प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। शनिवार को लगातार चौथे दिन मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और शहडोल समेत 27 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल और इंदौर समेत कई शहरों में मौसम साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।
मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल और मंडियों में बिक्री के लिए पहुंचा अनाज बेमौसम बारिश की चपेट में है। लगातार बारिश से फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने और किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, धार, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल और सागर समेत आसपास के जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है।
अनूपपुर में तीन इंच से ज्यादा बारिश
पिछले दिनों प्रदेश के 38 जिलों के करीब 155 शहरों और कस्बों में बारिश दर्ज की गई। अनूपपुर में तीन इंच से ज्यादा पानी गिरा, जबकि अमरकंटक में सवा दो इंच और सिंगरौली में दो इंच बारिश हुई। अनूपपुर में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। शुक्रवार शाम रतलाम में भी मौसम ने अचानक करवट ली और मावठे जैसे हालात बन गए।
खेतों में धान, मंडियों में मक्का भीगने का खतरा
बेमौसम बारिश किसानों के लिए मुसीबत बन गई है। प्रदेश के कई जिलों में धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है। लगातार बारिश होने से फसल की गुणवत्ता और उपज प्रभावित होने का खतरा है। वहीं मंडियों में खुले में रखा मक्का और अन्य अनाज भी भीग रहा है। यदि बारिश का दौर लंबा खिंचता है तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
दिन के तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट
आंधी और बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। इससे दिन में भी ठंडक महसूस होने लगी है। कुछ इलाकों में रात के तापमान में भी कमी आई है।
2 नवंबर तक बना रहेगा मौसम का उतार-चढ़ाव
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिन तक मौसम का मिला-जुला मिजाज बना रह सकता है। कुछ इलाकों में तेज धूप निकलेगी, जबकि दक्षिणी और पूर्वी मध्य प्रदेश में मौसम प्रणाली का असर अधिक दिखाई देगा। इन क्षेत्रों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।


