भोपाल। विजयादशमी पर मध्यप्रदेश में प्रदेश सरकार की ओर से शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में शस्त्र पूजन करेंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर में इस परंपरा का निर्वहन करेंगे। प्रदेश के 31 जिलों में मंत्री शस्त्र पूजन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं, 24 जिलों में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
राजधानी भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग शस्त्र पूजन करेंगे। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा और जगदीश देवड़ा मंदसौर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार, प्रहलाद सिंह पटेल नरसिंहपुर, राकेश सिंह जबलपुर और करण सिंह वर्मा सीहोर में शस्त्र पूजन करेंगे। उदय प्रताप सिंह नर्मदापुरम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शक्ति और साहस का प्रतीक है शस्त्र पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी से एक दिन पहले कहा कि शस्त्र पूजन देश की सैन्य शक्ति, सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का प्रतीक है। विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा शक्ति, साहस, आत्मरक्षा और अन्याय के खिलाफ खड़े होने के संकल्प से जुड़ी है। यह परंपरा समाज में सुरक्षा, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करती है।


