कुरावर।Rajgarh MLA Amar Singh Yadav : मध्य प्रदेश के राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव की फॉर्च्यूनर कार और बाइक के बीच हुई टक्कर में 42 वर्षीय बाइक सवार राघवेंद्र विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि उनका 11 वर्षीय बेटा लक्ष्य घायल हो गया। हादसा कुरावर में छोटी महाकाल मंदिर के सामने हाईवे पर हुआ। दुर्घटना के समय विधायक अमरसिंह यादव कार में सवार थे।
जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार (क्रमांक MP04 WC 0111) की बाइक (क्रमांक MP04 QM 5768) से टक्कर हो गई। बाइक पर राघवेंद्र विश्वकर्मा अपने बेटे लक्ष्य के साथ सवार थे। राघवेंद्र पीलूखेड़ी स्थित एचपीसीएल कंपनी में कार्यरत थे। वह कुरावर की भोपाल रोड स्थित एसएस न्यूमार्केट रिजेंसी कॉलोनी में रहते थे।
गंभीर चोट लगने से पिता की मौत
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, टक्कर के बाद राघवेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई और उनके कान से खून निकलने लगा। हादसे में उनका बेटा लक्ष्य भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल लाइफ केयर हॉस्पिटल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल के बंसल हॉस्पिटल रेफर किया गया। हादसे में राघवेंद्र की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर के लिए कौन-से कारण जिम्मेदार रहे, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


