अमेठी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आजमगढ़ से लखनऊ जा रही रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बस चालक समेत 27 यात्री घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा कर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद छह गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज, तिलोई रेफर किया गया। 16 घायलों का इलाज अस्पताल में किया गया, जबकि 11 यात्रियों को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार और दवा देकर घर भेज दिया गया।
रात 1:30 बजे हुआ हादसा
हादसा शनिवार रात करीब 1:30 बजे बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 56.7 के पास हुआ। रोडवेज बस आजमगढ़ से करीब 50 यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। इसी दौरान बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा के सुरक्षा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
ये यात्री हुए घायल
हादसे में बस चालक संजय सिंह (56), निवासी रामपुर, आजमगढ़, समेत जगदंबा गुप्ता (35), उनकी पत्नी विनीता गुप्ता (32), जयप्रकाश (35), निवासी शिवपुर, बृजेश राय (49), काशीनाथ यादव (35), सीमा अस्थाना (42), निवासी हरदोई, किशन कुमार (29), निवासी चुल्लूपार, गोरखपुर, श्वेता पांडे (46), निवासी अलीगंज, लखनऊ और कार्तिक राजभर (25) समेत अन्य यात्री घायल हुए हैं।
संजय सिंह, जयप्रकाश, बृजेश राय, सीमा अस्थाना, श्वेता पांडे और कार्तिक राजभर की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर किया गया।
झपकी आने से हादसे का आरोप
यात्री दिलशाद ने बताया कि हादसे के समय वह जाग रहे थे। उनके मुताबिक, चालक को झपकी आने के कारण बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे के समय कई यात्री सो रहे थे।
हादसे में घायल आफरीन बानो की रविवार सुबह 9:15 बजे लखनऊ से सऊदी अरब की फ्लाइट थी। वह पहली बार अपने पति मोहम्मद हुसैन के पास सऊदी अरब जा रही थीं। सिर में हल्की चोट लगने के बाद वह बार-बार यही पूछ रही थीं कि क्या वह अपने पति के पास पहुंच पाएंगी।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक को झपकी आने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


