ग्लास्गो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आठवें दिन भारत को कोई पदक नहीं मिला, लेकिन एथलेटिक्स में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा समेत तीन भारतीय खिलाड़ियों ने पुरुष भाला फेंक के फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। वहीं डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर और पुरुष त्रिकूद में प्रवीण चित्रावले व सेल्वा प्रभु ने भी दमदार प्रदर्शन किया। दूसरी ओर भारोत्तोलन में मार्टिना देवी मेबाम पदक जीतने से चूक गईं।
जेवलिन थ्रो में नीरज समेत तीन भारतीय फाइनल में
पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में भारत के तीनों खिलाड़ियों ने फाइनल में प्रवेश किया।
- नीरज चोपड़ा ने 79.61 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए पांचवें स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
- रोहित यादव ने 78.37 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया और नौवें स्थान के साथ फाइनल में पहुंचे।
- यशवीर ने अंतिम प्रयास में 78.36 मीटर का थ्रो कर 10वें स्थान पर रहते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया।
त्रिकूद में चित्रावले और प्रभु का शानदार प्रदर्शन
पुरुष त्रिकूद स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी प्रवीण चित्रावले ने अपने पहले प्रयास में 16.41 मीटर की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया और सीधे फाइनल में जगह बनाई।
वहीं सेल्वा प्रभु ने शुरुआती दो प्रयास फाउल करने के बाद अंतिम कोशिश में 16.26 मीटर की छलांग लगाई और तीसरे स्थान के साथ फाइनल में प्रवेश किया।
डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर की मजबूत चुनौती
डेकाथलॉन में भारत के तेजस्विन शंकर ने लंबी कूद में 7.82 मीटर की छलांग लगाकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
उन्होंने 100 मीटर दौड़ 10.96 सेकंड में पूरी कर पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि शॉटपुट में 13.09 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहे। तीन स्पर्धाओं के बाद तेजस्विन ओवरऑल पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।
400 मीटर में विशाल टीके बाहर
राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी विशाल टीके पुरुष 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में 46.33 सेकंड का समय लेकर अपनी हीट में छठे स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके।
भारोत्तोलन में मार्टिना देवी पदक से चूकीं
महिला 86 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग में भारत की मार्टिना देवी मेबाम कुल 245 किलोग्राम वजन (स्नैच 105 किग्रा और क्लीन एंड जर्क 140 किग्रा) उठाकर पांचवें स्थान पर रहीं।
यदि वह क्लीन एंड जर्क के तीसरे प्रयास में 146 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठा लेतीं तो कांस्य पदक जीत सकती थीं।
ट्रैक साइकिलिंग में भी नहीं मिली सफलता
महिलाओं की सी4-सी5 4000 मीटर व्यक्तिगत परसूट स्पर्धा में 16 वर्षीय भारतीय पैरा साइकिलिस्ट लिशा दास छठे स्थान पर रहीं और मेडल राउंड में जगह नहीं बना सकीं।
वहीं पुरुष टीम स्प्रिंट क्वालिफाइंग राउंड में रोजित सिंह यांगलेम, डेविड बेकहम और रोनाल्डो सिंह की भारतीय टीम सातवें स्थान पर रही और पदक दौर से बाहर हो गई।


