नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जिम्बाब्वे दौरे और आइची-नागोया एशियाई खेल 2026 के लिए बड़ा फैसला लेते हुए वीवीएस लक्ष्मण को भारतीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) प्रमुख लक्ष्मण इस दौरान टीम इंडिया की कमान संभालेंगे। उनके साथ बल्लेबाजी कोच ऋषिकेश कानितकर और गेंदबाजी कोच सुनील जोशी सहयोगी स्टाफ का हिस्सा होंगे।
सीनियर कोचिंग स्टाफ को मिलेगा आराम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड दौरे के बाद लगातार व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए बीसीसीआई ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और सीनियर सपोर्ट स्टाफ को आराम देने का फैसला किया है। भारत का इंग्लैंड दौरा 19 जुलाई को तीसरे वनडे के साथ समाप्त होगा, जबकि जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज 23 जुलाई से हरारे में शुरू हो जाएगी। दोनों सीरीज के बीच बहुत कम अंतर होने के कारण यह निर्णय लिया गया है।
एशियाई खेलों में भी लक्ष्मण संभालेंगे जिम्मेदारी
जिम्बाब्वे दौरे के बाद वीवीएस लक्ष्मण एशियाई खेलों में भी भारतीय टीम के मुख्य कोच होंगे। एशियाई खेलों का कार्यक्रम भारत-वेस्टइंडीज सीमित ओवरों की घरेलू सीरीज के साथ टकरा रहा है। ऐसे में गौतम गंभीर सीनियर टीम के साथ रहेंगे, जबकि लक्ष्मण युवा टीम का मार्गदर्शन करेंगे।
पहले भी निभा चुके हैं अहम भूमिका
वीवीएस लक्ष्मण के लिए यह नई जिम्मेदारी नहीं है। वह इससे पहले 2024 के जिम्बाब्वे दौरे में भी टीम इंडिया के मुख्य कोच रह चुके हैं। उस दौरे में शुभमन गिल ने कप्तानी की थी और अभिषेक शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
इसके अलावा 2023 के हांगझोऊ एशियाई खेलों में भी लक्ष्मण ने भारतीय टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी निभाई थी। उस समय तत्कालीन मुख्य कोच राहुल द्रविड़ वनडे विश्व कप की तैयारियों में सीनियर टीम के साथ व्यस्त थे।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारत की टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह।


