भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 5017 चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। अब ये सभी शिक्षक नए शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के विभिन्न सरकारी स्कूलों में अपनी सेवाएं देंगे।
विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार नियुक्ति पत्र संभागीय संयुक्त संचालकों के माध्यम से जारी किए गए हैं। इससे लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है और स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी।
4067 माध्यमिक और 950 प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति
भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 5017 शिक्षकों को नियुक्ति दी गई है। इनमें 4067 माध्यमिक शिक्षक और 950 प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं।
माध्यमिक स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, गणित, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, खेल तथा गायन-वादन विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। वहीं प्राथमिक स्तर पर खेल, नृत्य और गायन-वादन विषयों के शिक्षकों को पदस्थ किया गया है।
MPESB AEO भर्ती 2026: कृषि विस्तार अधिकारी के 2784 पदों पर आवेदन शुरू, 17 जुलाई तक करें आवेदन
दो साल बाद पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया
ये सभी अभ्यर्थी शिक्षक चयन परीक्षा-2024 के माध्यम से चयनित हुए थे। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया में देरी के कारण अभ्यर्थियों ने कई बार प्रदर्शन कर जल्द नियुक्ति की मांग की थी।
इसके बाद विभाग ने अभ्यर्थियों से विद्यालयों के विकल्प भरवाने की प्रक्रिया पूरी कराई, जिसकी अंतिम तिथि 21 जून निर्धारित की गई थी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नए सत्र में दूर होगी शिक्षकों की कमी
लोक शिक्षण संचालनालय ने नए शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई, ताकि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को समय रहते पूरा किया जा सके। विभाग ने लंबित प्रक्रियाओं का निपटारा कर संभागीय अधिकारियों को समय पर नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं
मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री Uday Pratap Singh ने सभी नव-नियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नए शिक्षकों के जुड़ने से प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों के भविष्य के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।


