मुंबई। महाराष्ट्र में मानसून की पहली तेज बारिश ने मुंबई महानगर क्षेत्र की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद मुंबई, भिवंडी और नवी मुंबई के कई हिस्सों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
भिवंडी में कई इलाके जलमग्न
भिवंडी शहर के आमपाड़ा, खांडूपाड़ा, तीन बत्ती, भाजी मार्केट, निजामपुरा और वंजारपट्टी जैसे क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया। कई प्रमुख बाजारों में पानी घुस जाने से दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। व्यापारियों को अपना सामान सुरक्षित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम
बारिश के बाद कई जगहों पर वाहन बीच सड़क पर बंद हो गए। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को गाड़ियों को धक्का देकर सुरक्षित स्थान तक ले जाना पड़ा। प्रमुख मार्गों पर घंटों लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घरों और इमारतों में घुसा पानी
प्रभुअली इलाके में भारी बारिश के चलते एक इमारत की सुरक्षा दीवार गिर गई, हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। वहीं शांतिनगर क्षेत्र में कई घरों में पानी घुसने से स्थानीय लोगों को नुकसान झेलना पड़ा। कई इलाकों में पानी उतरने के बाद भी लोग नुकसान की भरपाई में जुटे रहे।
नगरपालिका की तैयारियों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की सफाई और मानसून तैयारी के दावों के बावजूद थोड़ी देर की बारिश में ही शहर जलमग्न हो गया। महज एक घंटे की बारिश ने महानगरपालिका की व्यवस्था की पोल खोल दी और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटों तक रुक-रुक कर तेज बारिश की संभावना जताई है। सप्ताह के पहले कार्य दिवस पर भारी बारिश से ट्रैफिक और जलभराव की समस्या और बढ़ सकती है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।


