ग्वालियर-चंबल में गर्मी बरकरार
भोपाल। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआती दस्तक के बाद उसकी रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून दोबारा सक्रिय होकर प्रदेश के शेष हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। फिलहाल रविवार को भोपाल समेत 45 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग में मानसून की एंट्री नहीं होने से भीषण गर्मी का दौर जारी है और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
45 जिलों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई है।
वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में हल्की बारिश होने के आसार हैं। दिनभर तेज धूप के बाद शाम के समय मौसम बदल सकता है।
ग्वालियर-चंबल में अब भी गर्मी का असर
प्रदेश के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में मानसून नहीं पहुंचने के कारण गर्मी का असर बना हुआ है। ग्वालियर-चंबल संभाग में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून के आगे बढ़ने के बाद इन क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को राहत मिलेगी।
बारिश के आंकड़ों में सुधार, फिर भी सामान्य से 41% कम वर्षा
पिछले चार दिनों में हुई अच्छी बारिश से प्रदेश के वर्षा आंकड़ों में सुधार देखने को मिला है। एक जून से अब तक प्रदेश में औसतन 107.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 63.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यह सामान्य से 41 प्रतिशत कम है। 24 जून तक यह कमी लगभग 50 प्रतिशत थी, यानी हालिया बारिश से स्थिति में करीब 9 प्रतिशत सुधार हुआ है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में अब भी सामान्य से 67 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में यह कमी घटकर 16 प्रतिशत रह गई है।
इन जिलों में कम और इन जिलों में ज्यादा बारिश
अब तक अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आलीराजपुर, बड़वानी, बैतूल, भिंड, दतिया, देवास, धार, गुना, ग्वालियर, हरदा, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, मुरैना, नर्मदापुरम, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
वहीं भोपाल, अशोकनगर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, श्योपुर, बुरहानपुर, इंदौर, शाजापुर और सीहोर ऐसे जिले हैं, जहां अब तक सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
अगले कुछ दिन अहम
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों में मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश के शेष हिस्सों में भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं, जिससे खेती-किसानी और जलस्तर दोनों को फायदा मिलेगा।


