राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में EVM सुरक्षा देखी
भोपाल। आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने शुक्रवार को भोपाल स्थित ईवीएम (EVM) गोडाउन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधन और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के पालन की समीक्षा की। इस दौरान उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव तथा भोपाल कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईवीएम मशीनों की सुरक्षित संधारण व्यवस्था, त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, 24×7 सीसीटीवी निगरानी, सीलिंग प्रक्रिया और लॉजिस्टिक प्रबंधन का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही मशीनों के रखरखाव और सुरक्षा से जुड़े सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं का परीक्षण किया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने कहा कि निर्वाचन आयोग का सर्वोच्च उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से ईवीएम के रखरखाव, सुरक्षा और निगरानी की सभी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाता है, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बना रहे।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उन्हें ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।


