कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब एक निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कई घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा दोपहर करीब 12:07 बजे हुआ, जब निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था। अचानक शेड गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक चौंकाने वाला वाकया सामने आया, जब मलबे में फंसे एक मजदूर ने दर्द से कराहते हुए कहा कि यदि जरूरत पड़े तो उसका पैर काट दिया जाए, लेकिन उसकी जान बचाई जाए। मौके पर मौजूद एक युवक ने मजदूर की मदद करते हुए उसकी लोकेशन रेस्क्यू टीम को बताई, जिसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अभी भी कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, मलबे में अभी भी 10 से 15 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के समय गोदाम में मौजूद मजदूरों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
लापरवाही के आरोप में 3 गिरफ्तार
प्राथमिक जांच के आधार पर लापरवाही के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रशासन हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।
मुख्यमंत्री मौके पर पहुंचे, हेल्पलाइन नंबर जारी
पश्चिम बंगाल सरकार के प्रतिनिधि और मुख्यमंत्री घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की। राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं:
1070
8697981070
033-22143526 / 22535185
जमीन और लीज से जुड़ा मामला भी सामने आया
जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर गोदाम का निर्माण हो रहा था, वह जमीन ओडिशा के एक व्यवसायी की थी, जिसे एक निजी कंपनी को लीज पर दिया गया था। फिलहाल प्रशासन इस पहलू की भी जांच कर रहा है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।


