भोपाल। राजधानी भोपाल में मंगलवार (23 जून 2026) को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में किसानों, महिलाओं, शिक्षा और समान नागरिक संहिता (UCC) से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई।
बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्याप ने मीडिया को निर्णयों की जानकारी दी। कैबिनेट ने कुल 5,365 करोड़ रुपये की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की निरंतरता को स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के लिए अगले पांच वर्षों हेतु 1,740 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जबकि खाद्यान्न वितरण योजना के लिए 3,580 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा फैसला लेते हुए सरकार ने अगले तीन वर्षों में 315 स्कूलों को हाईस्कूल और 214 स्कूलों को हायर सेकेंडरी स्तर पर उन्नत करने का निर्णय लिया है। इस परियोजना पर 635 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में शत-प्रतिशत छात्र प्रवेश सुनिश्चित करना है।
किसानों को राहत देते हुए कैबिनेट ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिलने वाले फसल ऋण की अदायगी अवधि को 365 दिन करने का फैसला लिया है। अब किसानों को ऋण 31 मार्च तक चुकाने की बाध्यता नहीं होगी। जिस तारीख को किसान ऋण लेगा, अगले वर्ष उसी तारीख तक उसे राशि लौटानी होगी। निर्धारित समय के भीतर भुगतान करने पर ब्याज नहीं लगेगा। प्रदेश में हर वर्ष रबी और खरीफ सीजन के लिए करीब 25 हजार करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित किया जाता है, जिस पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगभग 880 करोड़ रुपये का ब्याज वहन करती हैं।
यूसीसी के लिए 9 लाख सुझाव आये
समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी सरकार ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। मंत्री चैतन्य कश्याप ने बताया कि UCC के मसौदे के लिए 9 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत सुझावों में समान नागरिक संहिता के समर्थन की बात सामने आई है। प्राप्त सुझावों में अल्पसंख्यक महिलाओं और धर्मगुरुओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही है।
सरकार 30 जून तक सभी सुझावों का समावेश कर 5 जुलाई तक UCC का प्रारूप तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। इसके बाद इसे जुलाई में प्रस्तावित विधानसभा मानसून सत्र में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पखवाड़ा
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा भी मनाया जाएगा।


