भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने जिलों के प्रभारी मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले का प्रभार छोड़ दिया है। अब सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप इंदौर के नए प्रभारी मंत्री होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया।
राज्य शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मंत्री चेतन्य काश्यप को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ इंदौर जिले का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले इंदौर जिले की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं संभाल रहे थे। अब यह जिम्मेदारी काश्यप को सौंपे जाने के बाद जिले में प्रशासनिक समन्वय और विकास कार्यों की समीक्षा का दायित्व भी उनके पास रहेगा।
अगस्त 2024 से मुख्यमंत्री के पास था इंदौर का प्रभार
अगस्त 2024 में जब मोहन यादव सरकार ने मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपा था, तब मुख्यमंत्री ने इंदौर जिले की जिम्मेदारी अपने पास रखी थी। उस समय चेतन्य काश्यप को भोपाल और राजगढ़ जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया था। दिसंबर 2025 में भी मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि जिन जिलों का प्रभार किसी मंत्री को नहीं सौंपा गया है, उनकी जिम्मेदारी उनके पास रहेगी।
काश्यप के पास अब तीन जिलों की जिम्मेदारी
इंदौर का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद चेतन्य कुमार काश्यप के पास अब प्रदेश के तीन महत्वपूर्ण जिलों भोपाल, राजगढ़ और इंदौर की जिम्मेदारी होगी। उन्हें इन जिलों में विकास कार्यों की समीक्षा, जिला प्रशासन के साथ समन्वय और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करनी होगी।


