भोपाल। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान उत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर संविधान गैलरी का उद्घाटन करेंगे। विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, शाम को भाजपा की ओर से कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में संविधान गौरव दिवस पर प्रबुद्धजन संगोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे।
विधानसभा में होगा संविधान दिवस का मुख्य समारोह
26 नवंबर को सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11:15 बजे समिति कक्ष क्रमांक-1 में संविधान दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराएंगे। इस अवसर पर विधानसभा की पत्रिका ‘विधायिनी’ के संविधान विशेषांक का विमोचन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर अध्यक्षता करेंगे। संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष, सदस्य और विश्वविद्यालयों के कुलगुरु भी समारोह में शामिल होंगे।
संविधान गैलरी में दिखेगा मध्यप्रदेश का योगदान
विधानसभा के सेंट्रल हॉल में संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही संविधान गैलरी का उद्घाटन होगा। गैलरी में संविधान सभा का समूह चित्र और संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान को दर्शाने वाले चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।
संविधान के प्रथम पृष्ठ पर अशोक स्तंभ का चित्रांकन करने वाले प्रसिद्ध चित्रकार स्वर्गीय दीनानाथ भार्गव के सुपुत्र का भी इस अवसर पर अभिनंदन किया जाएगा।
शाम को भाजपा की प्रबुद्धजन संगोष्ठी
संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा जिला भोपाल की ओर से शाम चार बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार (मिंटो हॉल) में प्रबुद्धजन संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
संगोष्ठी में भोपाल के गणमान्य नागरिकों के अलावा पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तित्व, डॉक्टर, खिलाड़ी, वैज्ञानिक, वकील, इंजीनियर और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


