प्रयागराज/कौशांबी। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज-कौशांबी सीमा से सटे मोहम्मदपुर गांव में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। फैक्ट्री के मलबे में करीब 15 लोगों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दोपहर 12:30 बजे हुआ जोरदार धमाका
बताया जा रहा है कि हादसा सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे मोहम्मदपुर गांव में हुआ। यह इलाका प्रयागराज की सीमा से सटा है और मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। विस्फोट के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद इलाके में धुएं का गुबार छा गया। फैक्ट्री में रखे पटाखों के कारण कुछ समय तक लगातार धमाके होते रहे, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी दिक्कत आई।
धमाके से 5 से 7 मकान हुए क्षतिग्रस्त
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री के आसपास करीब 50 मीटर के दायरे में स्थित 5 से 7 मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। इन घरों में रहने वाले कई लोग भी घायल हुए हैं।
एक बच्ची ने बताया कि विस्फोट के बाद उसका घर ढह गया। वह किसी तरह बाहर निकल आई, लेकिन उसकी मां और छोटा भाई मलबे में दब गए।
ग्रामीणों ने घायलों को चारपाई पर पहुंचाया अस्पताल
विस्फोट के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। झुलसे और घायल लोगों को ग्रामीण चारपाई पर रखकर अस्पताल ले जाते नजर आए। हादसे में एक बच्चा भी गंभीर रूप से झुलसने की सूचना है।
पुलिस और एयरफोर्स का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फैक्ट्री पूरी तरह ढह जाने के कारण मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और ग्रामीण मौजूद हैं।
प्रत्यक्षदर्शी मुनीश कुमार पांडे के अनुसार, करीब 12:30 बजे अचानक तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने बताया कि गोदाम में करीब दो दर्जन लोग मौजूद थे। धमाके इतने जोरदार थे कि आसपास के कई मकान भी इसकी चपेट में आ गए।


