नई दिल्ली। CTET 2026 : केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) सितंबर 2026 के आवेदन फॉर्म में गलती करने वाले उम्मीदवारों के लिए जरूरी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने CTET September 2026 Correction Window खोल दी है। जिन अभ्यर्थियों को अपने आवेदन फॉर्म में निर्धारित जानकारी में बदलाव या सुधार करना है, वे 10 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन करेक्शन कर सकते हैं।
CTET सितंबर 2026 के लिए पहले चरण में 11 मई से 10 जून 2026 तक आवेदन प्रक्रिया चली थी। इसके बाद 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक दोबारा आवेदन का मौका दिया गया। दोनों चरणों में आवेदन करने वाले उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने फॉर्म में सुधार कर सकते हैं।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन की जानकारी जांचकर जरूरी संशोधन पूरा कर लें।
दो शिफ्ट में होगी CTET परीक्षा
CTET सितंबर 2026 परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से OMR शीट पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट में पेपर-1 और दूसरी शिफ्ट में पेपर-2 आयोजित किया जाएगा।
CTET में पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?
CTET में सामान्य यानी अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होते हैं। 150 अंकों की परीक्षा में यह 90 अंक होते हैं। वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं, जो 150 में से 82.5 अंक होते हैं।
CTET 2026 फॉर्म में ऐसे करें करेक्शन
सबसे पहले CTET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
होमपेज पर CTET September 2026 Correction Window लिंक खोलें।
अपने लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज कर पोर्टल पर लॉगिन करें।
जिस जानकारी में बदलाव करना है, उसे चुनें।
जरूरी संशोधन करने के बाद पूरी जानकारी को दोबारा जांच लें।
बदलाव पूरा होने पर Submit/Final Submit पर क्लिक करें।
संशोधित आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट या स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लें।
10 सितंबर के बाद नहीं मिलेगा सुधार का मौका
उम्मीदवार ध्यान रखें कि 10 सितंबर 2026 के बाद CTET आवेदन फॉर्म में सुधार का मौका नहीं मिलेगा। इसलिए अभ्यर्थी अंतिम समय की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते अपने आवेदन की सभी जानकारियां जांच लें और आवश्यक करेक्शन पूरा कर लें।


