138 छात्रों ने 690+ अंक हासिल किए; 17 स्टेट टॉपर्स ने पार किए 700 अंक
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार को NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष देश और विदेश के 551 शहरों में बनाए गए 5,440 परीक्षा केंद्रों पर करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 11.21 लाख से अधिक उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं।
इस बार सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं, जो मेडिकल शिक्षा में बढ़ती भागीदारी का संकेत देती हैं। वहीं, आठ राज्यों के 17 स्टेट टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया है।
उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा सफल अभ्यर्थी
राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.70 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी सफल हुए हैं। वहीं लक्षद्वीप से सबसे कम 43 उम्मीदवार क्वालिफाई कर सके।
टॉप रैंकर्स की खास उपलब्धियां
- 138 अभ्यर्थियों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल किए।
- इनमें 93% से अधिक उम्मीदवार पहली बार NEET UG परीक्षा में शामिल हुए थे।
- 99% टॉप रैंकर्स की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है।
- 17 राज्यों के स्टेट टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए।
- 26 राज्यों के स्टेट टॉपर्स ने 690 से अधिक अंक हासिल किए।
- देश के 66 शहरों से 138 टॉप रैंकर्स सामने आए।
- 705 से अधिक अंक पाने वाले शीर्ष 17 अभ्यर्थी पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना से हैं।
पेपर लीक के कारण दोबारा हुई थी परीक्षा
इस वर्ष NEET UG 2026 परीक्षा दो चरणों में आयोजित करनी पड़ी। पहली परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी, लेकिन पेपर लीक की शिकायतों के बाद उसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई, जो दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ऑफलाइन (पेन-एंड-पेपर) मोड में संपन्न हुई।


