चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ने के बाद बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में सात यात्रियों की मौत हुई है और 11 लोग घायल हैं। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतकों की सूची
- जगदेव पुत्र धर्म सिंह, गांव बाहला देवीकोठी
- हरदेई पत्नी जगदेव, गांव बाहला देवीकोठी
- देसराज पुत्र त्रिलोचन, गांव बाहला देवीकोठी
- रूप सिंह पुत्र राधाराम (बस चालक), गांव चिल्ली थल्ली
- तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल (कंडक्टर), गांव सत्यास तरेला
- निलमा पत्नी मोतीराम, निवासी चिल्ली देवीकोठी
- जगदेई पत्नी हरिलाल, गांव बाहला देवीकोठी
राहत और बचाव अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य तेज किया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा वाहन की तकनीकी खराबी, सड़क की स्थिति या चालक की किसी लापरवाही के कारण हुआ।


