गांधीनगर। गुजरात सरकार ने निजी वाहनों पर जाति की पहचान प्रदर्शित करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अब कार, बाइक, बस और ट्रक सहित निजी वाहनों पर पटेल, पाटीदार, कोली, क्षत्रिय जैसे जाति-सूचक शब्द, नाम, प्रतीक और निशान नहीं लगाए जा सकेंगे। यह प्रतिबंध केवल नंबर प्लेट तक सीमित नहीं होगा, बल्कि वाहन के शीशे, बॉडी और किसी भी अन्य हिस्से पर जाति की पहचान दर्शाने वाली सामग्री लगाने पर भी लागू होगा।
राज्य के पत्तन एवं परिवहन विभाग ने 17 नवंबर को गुजरात मोटर वाहन (तीसरा संशोधन) नियम, 2026 की अधिसूचना जारी कर इस संबंध में कानूनी प्रावधान लागू कर दिया है।
मोटर वाहन नियमों में किया गया संशोधन
सरकार ने गुजरात मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 138 में नया उप-नियम (3) जोड़ा है। इसके तहत निजी वाहनों पर विज्ञापन सामग्री के साथ जाति की पहचान बताने वाले संकेत, आकृतियां और लिखित शब्द प्रदर्शित करने पर रोक लगाई गई है।
इसके अलावा नियम 125 के उप-नियम (1) में भी संशोधन किया गया है। इसमें जाति-सूचक शब्दों और प्रतीकों को प्रतिबंधित सामग्री की श्रेणी में स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है। हालांकि, सरकार को सामान्य या विशेष आदेश जारी कर किसी मामले में छूट देने का अधिकार भी दिया गया है।
जून में जारी किया गया था मसौदा
इस नियम का प्रारूप 11 जून को गुजरात सरकार के असाधारण राजपत्र में प्रकाशित किया गया था। इस पर आम नागरिकों से 30 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे। सरकार के अनुसार, निर्धारित अवधि में कोई आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद संशोधन को अंतिम रूप देकर अधिसूचित कर दिया गया।
पहले भी चल चुके हैं कार्रवाई के अभियान
गुजरात में निजी वाहनों पर जाति लिखने का चलन लंबे समय से रहा है। सड़कों पर पाटीदार, क्षत्रिय और अन्य जातियों के नाम लिखे वाहन अक्सर दिखाई देते रहे हैं। वर्ष 2015 में राजकोट पुलिस ने नंबर प्लेट से जाति-सूचक शब्द हटाने के लिए अभियान चलाने की घोषणा की थी।
इसी तरह उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद में वर्ष 2023 में जाति और धर्म से जुड़े स्टिकर लगाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इस दौरान 2,300 से अधिक चालान किए गए थे।
गुजरात सरकार का नया नियम पहले की ऐसी कार्रवाइयों से अधिक व्यापक है। अब वाहन के किसी भी हिस्से पर जाति की पहचान बताने वाले शब्द, स्टिकर, प्रतीक या निशान प्रदर्शित करना प्रतिबंधित होगा।


