More
    Homeमध्यप्रदेशमप्र में भाजपा कागजों पर सक्रिय, जमीन पर निष्क्रिय 

    मप्र में भाजपा कागजों पर सक्रिय, जमीन पर निष्क्रिय 

    Published on

    spot_img

    जिलों में संगठन की निष्क्रियता पर प्रदेश संगठन महामंत्री ने प्रदेश महामंत्रियों, संभाग प्रभारियों के कसे कान

    -महेश दीक्षित 

    भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियों और पदाधिकारियों की लंबी फौज के बावजूद जिलों में पार्टी की गतिविधियां अपेक्षित रूप से नजर नहीं आ रही हैं। प्रदेश मोर्चों और प्रकोष्ठों का गठन हो चुका है, लेकिन संगठन के कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा। पार्टी के भीतर इस स्थिति को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
    पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने प्रदेश महामंत्रियों और संभाग प्रभारियों की बैठक में उनकी कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए यहां तक कहा कि कुछ पदाधिकारी अपने प्रभार वाले जिले और संभाग में सक्रिय रहने के बजाय भाजपा मुख्यालय में दिखाई देते हैं। संगठन की जिम्मेदारी संभालने के बावजूद जिलों में उनकी मौजूदगी नहीं दिखती।
    पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में तिवारी ने पदाधिकारियों को याद दिलाया कि संगठनात्मक नियुक्तियों को करीब एक साल होने जा रहा है, लेकिन कई जिलों में पार्टी के कार्यक्रम और गतिविधियां नजर नहीं आतीं। मोर्चों और प्रकोष्ठों का गठन भी हो चुका है, लेकिन उनकी सक्रियता भी केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रही है। उन्होंने संभाग प्रभारियों और प्रदेश महामंत्रियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने और संगठन की गतिविधियों को गति देने को कहा। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी मौजूद थे।

    मुख्यालय में बैठने से नहीं चलेगा संगठन

    पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संगठन महामंत्री ने पदाधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन नेताओं को जिलों और संभागों की जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें वहां समय देना चाहिए। केवल प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठकर संगठन चलाने से काम नहीं चलेगा। पदाधिकारियों को अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करना होगा और पार्टी के कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करनी होगी।
    सूत्रों के अनुसार, उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि संगठन के कई कार्यक्रमों की जानकारी जिलों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच रही है। मोर्चा और प्रकोष्ठ गठित होने के बाद भी उनकी गतिविधियां दिखाई नहीं देना संगठनात्मक समन्वय की कमी को दर्शाता है। नेतृत्व चाहता है कि पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी का परिणाम जिलों में होने वाली गतिविधियों के रूप में दिखाएं।

    कोर कमेटी से बाहर होंगे हारे प्रत्याशी

    बैठक में जिला कोर कमेटियों के गठन और उनकी संरचना में बदलाव का फैसला भी सामने आया। अब जिला कोर कमेटियों में चुनाव हार चुके प्रत्याशियों, पराजित विधायकों और प्रकोष्ठों के जिला संयोजकों को शामिल नहीं किया जाएगा। उनकी जगह जिला महामंत्रियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। इस बदलाव के जरिए जिला संगठन में सक्रिय पदाधिकारियों की भूमिका बढ़ाने की तैयारी है।

    बैठकों का क्रम भी बदलेगा

    पार्टी सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने संगठनात्मक बैठकों के लिए दिल्ली से तैयार नया फॉर्मेट भी समझाया। इसके तहत अब हर महीने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक बैठकें होंगी। खास बात यह है कि बैठकों का क्रम अब नीचे से ऊपर नहीं, बल्कि ऊपर से नीचे की ओर चलेगा।
    सबसे पहले प्रदेश स्तर पर बैठक होगी। इसके बाद जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और अंत में बूथ स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के तुरंत बाद आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों और संगठनात्मक गतिविधियों को एक साथ सभी स्तरों तक पहुंचाना है।

    विधानसभा क्षेत्रों में तैनात होंगे सेवा दूत

    संगठन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए भाजपा एक से 25 दिसंबर तक सेवा दूत अभियान चलाएगी। इसके तहत शहरी विधानसभा क्षेत्रों में एक और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में दो सेवा दूत तैनात किए जाएंगे। पार्टी के पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी दी जाएगी।
    सेवा दूत अपने विधानसभा क्षेत्र में रहकर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से जुड़े मुद्दों की जानकारी जुटाएंगे। इसके लिए नामों की सूची जल्द तैयार की जाएगी। पार्टी नेतृत्व इस व्यवस्था के जरिए संगठन की जमीनी हकीकत जानना चाहता है।

    अधिकारियों पर दबाव बनाने वालों को भी नसीहत

    बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने पदाधिकारियों के व्यवहार और कार्यशैली को लेकर भी सख्त संदेश दिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उन्होंने कहा कि कुछ पदाधिकारी अपने निजी काम और व्यावसायिक हितों के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाते हैं। उन्हें ऐसा करने के बजाय अधिकारियों को ऐसी नीतियां बनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए, जिससे जनता का सरकार और संगठन पर भरोसा बढ़े।
    उन्होंने जिला प्रवास के दौरान औपचारिकता निभाने के बजाय वहां रुककर पुराने नेताओं, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े लोगों से मिलने की सलाह दी। कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने और बैठकों को निर्धारित समय पर शुरू करने के निर्देश भी दिए।

    दो-तीन दिन में भरे जाएंगे खाली पद

    बैठक में जिला स्तर पर खाली पड़े संगठनात्मक पदों को भरने पर भी चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिलों से मिले नामों की सूची प्रदेश संगठन ने अपने पास ले ली है। अगले दो से तीन दिनों में रिक्त पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की तैयारी है। इसके अलावा 25 वर्ष से कम उम्र के युवाओं यानी जेन-जी के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

    Latest articles

    बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन लॉन्च, एक डोज की कीमत महज 2 रुपये

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया राष्ट्र को समर्पित; भोपाल में 300 करोड़...

    गुजरात में वाहनों पर जाति लिखने पर लगी रोक, पटेल-पाटीदार और कोली जैसे नाम भी नहीं दिखेंगे

    गांधीनगर। गुजरात सरकार ने निजी वाहनों पर जाति की पहचान प्रदर्शित करने पर प्रतिबंध...

    ईडी की गिरफ्तारी और जब्ती के अधिकारों पर जनवरी में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई

    नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मिले गिरफ्तारी,...

    संवैधानिक मूल्यों की राजनीति से भटक चुकी है कांग्रेस, मप्र में समानांतर संगठन की जरूरत : लक्ष्मण सिंह

    विदिशा में पूर्व सांसद ने कांग्रेस की कार्यशैली पर उठाए सवाल -अरविंद शर्मा विदिशा। कांग्रेस के...

    More like this

    बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन लॉन्च, एक डोज की कीमत महज 2 रुपये

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया राष्ट्र को समर्पित; भोपाल में 300 करोड़...

    गुजरात में वाहनों पर जाति लिखने पर लगी रोक, पटेल-पाटीदार और कोली जैसे नाम भी नहीं दिखेंगे

    गांधीनगर। गुजरात सरकार ने निजी वाहनों पर जाति की पहचान प्रदर्शित करने पर प्रतिबंध...

    ईडी की गिरफ्तारी और जब्ती के अधिकारों पर जनवरी में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई

    नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मिले गिरफ्तारी,...