सीएम धामी ने घटनास्थल पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग अभी भी टनल के अंदर फंसे हुए हैं। बचाव दल ने 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इनमें से 13 घायलों का इलाज गोपेश्वर के जिला अस्पताल में चल रहा है। एक गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
टनल के अंदर पानी और मलबा भरने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। फंसे हुए मजदूरों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।
सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात
हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन के साथ सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात हैं। गौचर और जोशीमठ से भी अतिरिक्त बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
रेस्क्यू अभियान की निगरानी डीएम गौरव कुमार कर रहे हैं। मौके पर 22 पुलिसकर्मी, एनडीआरएफ के 27, एसडीआरएफ के 42, डीआरएफ के 4 और फायर सर्विस के 9 जवान तैनात हैं।
शाम 7 बजे हुआ हादसा, पानी रिसने के साथ हुआ भूस्खलन
अधिकारियों के मुताबिक हादसा गुरुवार 13 अगस्त को शाम करीब 7 बजे हुआ। पीपलकोटी के मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी का रिसाव शुरू हुआ और इसके साथ भूस्खलन होने से अंदर काम कर रहे मजदूर फंस गए।
टनल में पानी और मलबा भर जाने के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। रेस्क्यू टीमें लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
सीएम धामी ने घटनास्थल का लिया जायजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने आपदा प्रभावित टनल क्षेत्र में चल रहे राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री इसके बाद गोपेश्वर जिला अस्पताल जाकर हादसे में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जानेंगे।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव संसाधन और बचाव दल लगाए गए हैं।


