भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी।
अभियान के तहत प्रदेश के करीब 71 हजार बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में प्रतियोगिताएं, आंगनवाड़ियों में कार्यक्रम और करीब 11,400 शक्ति केंद्रों पर सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
71 हजार बूथों पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीप’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाम 7 बजे होगी। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के करीब 71 हजार बूथों पर लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाएंगे। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले प्रमुख स्थानों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।
स्कूलों में होगा ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम
सरकारी और निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। स्कूल, ब्लॉक और जिला स्तर पर विद्यार्थियों को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
इसके साथ ही ‘नमो सेवा अनकही कहानी’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों पर 10 से 15 मिनट की नाट्य प्रस्तुतियां चौक-चौराहों और विभिन्न संस्थानों में की जाएंगी। 2 अक्टूबर को भी विशेष कार्यक्रम होंगे।
97 हजार आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन’
प्रदेश की 97 हजार से अधिक आंगनवाड़ियों में तीन दिन तक ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान होगा। बच्चों और माताओं को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
11,400 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’
भाजपा के करीब 11,400 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। झांकियों और प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और देश में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि अभियान शासन और समाज के मिलकर काम करने की भावना पर आधारित है। इसके माध्यम से सेवा गतिविधियों के साथ सरकार की योजनाओं और उनके प्रभाव की जानकारी भी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
मध्यप्रदेश में बनेंगे छह एक्सप्रेस-वे
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में छह एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पीथमपुर से मुंबई तक आठ लेन का एक्सप्रेस-वे तैयार है।
मुख्यमंत्री ने देश के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के राजनीतिक सफर और महत्वपूर्ण फैसलों की चर्चा की।
डॉ. यादव ने सागर में अपराधी के एनकाउंटर और उसके बाद मकान तोड़े जाने की कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वे शुक्रवार को इंदौर जाएंगे, जहां मध्यप्रदेश में सुगम परिवहन सेवा शुरू करने की दिशा में आयोजित कार्यशाला में शामिल होंगे।


