भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात कर मंत्री विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अभियोजन प्रस्ताव पर पुनर्विचार और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ विधायक आरिफ मसूद और विधायक सुरेश राजे भी मौजूद रहे। राज्यपाल से मुलाकात के बाद सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सेना, महिलाओं और देश के सम्मान से जुड़ा विषय है।
सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कैबिनेट के पास मंत्री के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति देने और मंत्री पद से हटाने का अधिकार है, तो सरकार ने अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं की बात करती है, लेकिन देश की बेटी के सम्मान के मुद्दे पर सरकार और भाजपा नेताओं की चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में पुनर्विचार कर सरकार को उचित कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की।
उमंग सिंघार के अनुसार, राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को मामले पर पुनर्विचार करने और सरकार से चर्चा करने का आश्वासन दिया है। कांग्रेस ने उम्मीद जताई है कि इस प्रकरण में उचित निर्णय लिया जाएगा।


