भोपाल। उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोपों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है तो उन्हें नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने पार्टी की आगामी रणनीति की जानकारी दी। पटवारी ने आरोप लगाया कि उज्जैन भूमि प्रकरण में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में युवाओं और शिक्षा, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता तथा उज्जैन भूमि प्रकरण को प्रमुख मुद्दा बनाकर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया है।
कांग्रेस संभाग और जिला स्तर पर पत्रकार वार्ताएं आयोजित करेगी। साथ ही एक विशेष पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां आम नागरिक मुख्यमंत्री और मंत्रियों की कथित संपत्तियों एवं भ्रष्टाचार से जुड़ी जानकारी गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगे। पार्टी का दावा है कि प्राप्त तथ्यों को जांच के बाद सार्वजनिक किया जाएगा।
पटवारी ने कहा कि विधानसभा सत्र में भी मुख्यमंत्री से जवाब मांगा जाएगा। मुख्यमंत्री जहां-जहां दौरे पर जाएंगे, वहां कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उनसे सार्वजनिक रूप से सवाल पूछेंगे। नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलकर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग भी करेगा।
उन्होंने घोषणा की कि 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा, जबकि जुलाई के अंत तक बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उज्जैन पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और उज्जैन भूमि प्रकरण को तार्किक एवं लोकतांत्रिक तरीके से अंत तक उठाएगी। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व में मतभेद की चर्चाओं को निराधार बताते हुए कहा कि पार्टी जनता के हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करती रहेगी।
#UjjainLandCase #JituPatwari #MohanYadav #MadhyaPradesh #Congress #MPPolitics #Ujjain #DigvijayaSingh #PoliticalNews #BreakingNews


