शिवपुरी/भोपाल। मध्य प्रदेश का शिवपुरी अब देश के प्रमुख रक्षा उत्पादन केंद्रों में शामिल होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को 2,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखी। यह परियोजना दक्षिण एशिया के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े डिफेंस और एयरोस्पेस निर्माण संयंत्रों में से एक मानी जा रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी समूह के निदेशक करण अदाणी और जीत अदाणी भी मौजूद रहे।
मिसाइल, हथियार और गोला-बारूद का होगा निर्माण
शिवपुरी के पाली गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के किनारे स्थापित होने वाले इस अत्याधुनिक संयंत्र में मिशन-रेडी मिसाइलें, गोला-बारूद, आधुनिक हथियार और हाईटेक डिफेंस उपकरण तैयार किए जाएंगे। यह परियोजना भारत के ‘आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन’ अभियान को नई मजबूती देने के साथ मध्य प्रदेश को रक्षा निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।
हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस डिफेंस प्लांट से करीब 5,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। वहीं अदाणी समूह ने भविष्य में रोजगार की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई है। इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के साथ-साथ एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग) को भी रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
211 करोड़ की विकास परियोजनाओं की भी सौगात
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 211 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार निवेश को बढ़ावा दे रही है।
शिवपुरी को मिली कई नई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने शिवपुरी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर फोरलेन सड़क, मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट, खोड़ में नया कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय, सुभाषपुरा को नई तहसील, पिछोर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 200 बिस्तरों वाला मातृ एवं शिशु अस्पताल और शिवपुरी को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना शामिल है।
मध्य प्रदेश में 1.10 लाख करोड़ रुपये का निवेश
अदाणी समूह के निदेशक जीत अदाणी ने बताया कि समूह ने मध्य प्रदेश में 1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनाई है। यह निवेश डिफेंस, पंप हाइड्रो स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स और थर्मल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। उनका लक्ष्य वर्ष 2030 तक प्रदेश में करीब 1.20 लाख रोजगार उपलब्ध कराना है।
रक्षा क्षेत्र में बढ़ेगी मध्य प्रदेश की पहचान
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाला यह डिफेंस प्लांट केवल औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा क्षमता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में शिवपुरी की पहचान भारत के प्रमुख रक्षा उत्पादन केंद्र के रूप में होगी और यहां तैयार होने वाले हथियार भारतीय सेना की ताकत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।


