इंदौर। Rahul Gandhi Indore Visit लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आएंगे। वे यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के विद्यार्थियों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, युवाओं के अधिकार और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने इंदौर के नेहरू स्टेडियम की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर स्टेडियम उपलब्ध कराने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद का मंच है। पार्टी ने भाजपा सरकार से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों के हित में कार्यक्रम के लिए स्थान उपलब्ध कराने की अपील की है।
भाजपा पर लोकतंत्र की आवाज दबाने का आरोप
मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज से डरने के बजाय उनकी समस्याएं सुने। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद से डरने के बजाय उसका स्वागत किया जाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद कर रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ का उद्देश्य युवाओं के सपनों, शिक्षा, रोजगार और उनके अधिकारों से जुड़े सवालों को सामने लाना है।
पटवारी ने कहा कि यदि सरकार नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं देती है तो कांग्रेस प्रशासन से चर्चा कर इंदौर में किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि स्थान कोई भी हो, 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों की आवाज जरूर गूंजेगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मैराथन बैठक
राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में वरिष्ठ नेताओं के साथ इंदौर और उज्जैन संभाग के कांग्रेस पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कांग्रेस का लक्ष्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि वे अपनी समस्याएं और सवाल सीधे राहुल गांधी के सामने रख सकें।
पत्रकार वार्ता में हरीश चौधरी, जीतू पटवारी, राहुल गांधी के सुरक्षा सलाहकार के.बी. बैजू, कमलेश्वर पटेल, उषा नायडू, मुकेश नायक, बाला बच्चन, सज्जन सिंह वर्मा, विजयलक्ष्मी साधौ, सत्यनारायण पटेल, शोभा ओझा, चिंटू चौकसे, विपिन वानखेड़े सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


