इंदौर। Udyam Samagam 2026: उद्यमियों को निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार अनुदान देगी। यदि उद्यमी अपने क्षेत्र में लघु उद्योगों की स्थापना के लिए नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाते हैं तो सरकार 800 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से अनुदान देगी। यह घोषणा एमएसएमई मंत्री चेतन काश्यप ने लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम-2026 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए की।इस अवसर पर लघु उद्योग भारती की उद्यम समागम स्मारिका-2026 का विमोचन भी किया गया।
मंत्री काश्यप ने कहा कि नवीन लघु उद्योग स्थापित करने के लिए प्रदेश में 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है। उन्होंने दावा किया कि सब्सिडी वितरण के मामले में मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां दो माह के भीतर ऑनलाइन सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने लघु उद्योग भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समागम चिंतन और विचार-विमर्श का माध्यम होते हैं। लघु उद्योगों के विस्तार के लिए जागरूकता जरूरी है और लघु उद्योग भारती इस दिशा में सक्रियता से काम कर रही है।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू ने कहा कि संगठन के 27 राज्यों में करीब 70 हजार सदस्य हैं। छोटे उद्योगों से जुड़े मुद्दों को उठाने के साथ ही उद्यमियों के हित में सरकार की नीतियां बनाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में संगठन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी संगठन का काम उल्लेखनीय है। देश में 65 महिला इकाइयां स्वतंत्र रूप से कार्य कर रही हैं।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र ने कहा कि संगठन टीमवर्क और कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था पर काम करता है। देश की आर्थिक आजादी का आधार लघु उद्योग हैं। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती देश की हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं को विकसित करने और उन्हें उद्योगों से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है।
लघु उद्योग भारती मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के सभी 55 जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों में संगठन की इकाइयां उद्योग हित में काम कर रही हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अरुण सोनी ने किया, जबकि महिला इकाई की अध्यक्ष वर्षा जैन ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ये खास मौजूद थे
कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वज्जू भाई वागासिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ताराचंद गोयल और समीर मुंदड़ा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अतीत अग्रवाल, आरएसएस के मध्य क्षेत्र कार्यवाह अशोक अग्रवाल, छत्तीसगढ़ प्रांत की अध्यक्ष सीपी दुबे तथा डीआरडीओ एवं डिफेंस क्षेत्र के चीफ एडवाइजर जितेंद्र सिंह सहित देश, प्रदेश और विभिन्न प्रांतों की जिला इकाइयों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती की उद्यम समागम स्मारिका-2026 का विमोचन भी किया गया।


