- भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईपीएस अधिकारियों की नई पदस्थापना और अतिरिक्त जिम्मेदारियों के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी मलय जैन को बालाघाट का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। अब तक पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) के पद पर पदस्थ जैन को हॉक फोर्स बालाघाट के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
10 दिन बाद बालाघाट को मिला नया एसपी
बालाघाट के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा का 27 अक्टूबर को देवास तबादला कर दिया गया था। इसके बाद से जिले में एसपी का पद रिक्त था। करीब 10 दिन बाद सरकार ने मलय जैन की नियुक्ति कर जिले की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी उन्हें सौंप दी है।
चार आईपीएस अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी
गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी सचिन कुमार अतुलकर को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ आईजी, विशेष सशस्त्र बल (विसबल) ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अतुलकर फिलहाल आईजी चंबल जोन, मुरैना के पद पर पदस्थ हैं।
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ 32वीं वाहिनी विसबल उज्जैन के सेनानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह पीटीसी इंदौर की पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह को नारकोटिक्स मंदसौर के एसपी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके यह जिम्मेदारी संभालने के बाद आईपीएस अधिकारी अभिषेक आनंद इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे।
वहीं, 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी नागेंद्र सिंह को पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे वर्तमान में 25वीं वाहिनी विसबल भोपाल के सेनानी के रूप में कार्यरत हैं।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में मलय जैन को बालाघाट एसपी के रूप में नई पदस्थापना दी गई है, जबकि चार आईपीएस अधिकारियों को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


