भोपाल। मध्य प्रदेश में मोहन सरकार ने बड़ी प्रशासनिक सर्जरी करते हुए 36 अधिकारियों के तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 32 आईएएस और चार राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। तबादला सूची में ग्वालियर और सतना नगर निगम के आयुक्तों के साथ 10 जिलों के जिला पंचायत CEO भी बदले गए हैं।
ग्वालियर नगर निगम को मिले अभिषेक चौधरी
2018 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक चौधरी को जिला पंचायत धार के CEO पद से हटाकर नगर निगम ग्वालियर का आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, ग्वालियर नगर निगम के मौजूदा आयुक्त संघ प्रिय को जिला पंचायत सिंगरौली का CEO बनाया गया है।
डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा होंगे सतना नगर निगम आयुक्त
2019 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा को जिला पंचायत खंडवा के CEO पद से स्थानांतरित कर नगर निगम सतना का आयुक्त बनाया गया है। उन्हें सतना स्मार्ट सिटी के CEO का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
10 जिलों में बदले जिला पंचायत CEO
प्रशासनिक फेरबदल में कई अधिकारियों को जिला पंचायत CEO की नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अपर कलेक्टर, SDM, उप सचिव, नगर निगम आयुक्त और अपर आयुक्त स्तर के अधिकारियों की भी नई पदस्थापना की गई है। सरकार के इस बदलाव को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है।


